मसूरी की ट्रैफिक समस्या का बड़ा समाधान! डॉ. आर. राजेश कुमार ने रोपवे प्रोजेक्ट साइट का किया निरीक्षण, जल्द बदल सकती है तस्वीर

देहरादून। पर्यटन नगरी मसूरी में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने और विश्वस्तरीय परिवहन सुविधा विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार ने मसूरी मेट्रो रोपवे परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाना शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में शुक्रवार को सचिव आवास डॉ. आर. राजेश कुमार ने प्रस्तावित रोपवे टर्मिनल स्टेशनों और संबंधित स्थलों का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया।

डॉ. राजेश कुमार ने उत्तराखंड मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन, जिला प्रशासन और नगर पालिका मसूरी के अधिकारियों के साथ लाइब्रेरी चौक से लेकर लाल टिब्बा तक प्रस्तावित रोपवे मार्ग का जायजा लिया। इस दौरान परियोजना की तकनीकी व्यवहार्यता, पर्यावरणीय संतुलन और यातायात प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर गहन समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान लाइब्रेरी चौक क्षेत्र में प्रस्तावित रोपवे मार्ग और उपलब्ध भूमि की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके बाद पिक्चर पैलेस (चिक चॉकलेट), जीएमवीएन (मॉल रोड), भनौत एस्टेट, आईएनआई डिस्पेंसरी और नहाटा एस्टेट (लाल टिब्बा) क्षेत्र में प्रस्तावित टर्मिनल स्टेशनों के संभावित स्थलों का निरीक्षण किया गया।

चार दुकान/चिक चॉकलेट क्षेत्र में सीमित स्थान और जटिल भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए डॉ. राजेश कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यहां वैकल्पिक और अधिक सुरक्षित स्थान की पहचान करते हुए भू-तकनीकी अध्ययन के आधार पर नया प्रस्ताव तैयार किया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की तकनीकी या सुरक्षा संबंधी समस्या न हो।

उन्होंने स्पष्ट किया कि परियोजना के विकास में मसूरी की प्राकृतिक सुंदरता, पर्यावरणीय संतुलन और ऐतिहासिक पहचान को अक्षुण्ण रखा जाएगा। निर्माण कार्य के दौरान सभी पर्यावरणीय मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

मसूरी मेट्रो रोपवे परियोजना के लागू होने से पर्यटन सीजन में लगने वाले जाम से राहत मिलने के साथ ही स्थानीय लोगों और पर्यटकों को तेज, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल आवागमन सुविधा मिलेगी। इससे पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार आधुनिक और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। यह परियोजना मसूरी में यातायात समस्या के दीर्घकालिक समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

निरीक्षण के दौरान उत्तराखंड मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के एमडी ब्रिजेश कुमार मिश्रा, उप जिलाधिकारी मसूरी राहुल आनंद, संयुक्त महाप्रबंधक जय नंदन सिन्हा, अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments