
देहरादून। देहरादून के थाना रायपुर क्षेत्र में शुक्रवार देर रात शराब की दुकान (वाइन शॉप) के बाहर दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान एक पक्ष ने देसी कट्टे से फायरिंग कर दी, जिसमें दो युवकों को गोली लग गई। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।
घटना रिंग रोड स्थित 6 नंबर पुलिया के पास हुई। सूत्रों के अनुसार, शाम करीब 9:30 बजे शराब ठेके के बाहर कुछ लोगों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई। बहस झगड़े में बदल गई और आरोपियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में 38 वर्षीय नवीन राणा की छाती में छर्रा लग गया, जबकि 25 वर्षीय कनेंद्र कुमार के पैर में गोली लगी। दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
किसी अज्ञात व्यक्ति ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी, जिसके बाद रायपुर थाना प्रभारी संजीत कुमार अपनी फोर्स के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि फायरिंग के बाद आरोपी हवाई फायर करते हुए मौके से फरार हो गए।

पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार ने बताया कि रायपुर थाना पुलिस जांच में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। सुरक्षा के मद्देनजर शराब का ठेका समय से पहले बंद करा दिया गया। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर लिया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने घटना की निंदा करते हुए पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की है।

Recent Comments