
प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष व सीडब्लूसी सदस्यों के साथ बैठक के बाद जिला-महानगर अध्यक्षों और संगठनों से भी करेंगे मुलाकात, 10 जुलाई को पत्रकार वार्ता के बाद लौटेंगे दिल्ली
देहरादून। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव (संगठन) एवं सांसद के.सी. वेणुगोपाल 9 जुलाई 2026 को अपने दो दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंच रहे हैं। यह जानकारी प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि ने साझा की।
महर्षि ने बताया कि वेणुगोपाल के देहरादून प्रवास के दौरान पार्टी की विभिन्न इकाइयों के साथ सिलसिलेवार बैठकों का कार्यक्रम तय किया गया है। 9 जुलाई को दोपहर 12 बजे वे सबसे पहले प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष, केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) के सदस्यों, पूर्व प्रदेश अध्यक्षों तथा कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे प्रदेश कांग्रेस राजनीतिक मामलों की समिति के सदस्यों के साथ चर्चा होगी। शाम 4 बजे जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों से मुलाकात के बाद शाम 6 बजे पार्टी के अनुषांगिक संगठनों, विभागों तथा प्रकोष्ठों के अध्यक्षों के साथ भी उनकी बैठक निर्धारित है।
महर्षि के अनुसार, दूसरे दिन यानी 10 जुलाई को सुबह 10 बजे से के.सी. वेणुगोपाल पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से वन-टू-वन मुलाकात करेंगे। इसके पश्चात दोपहर 3 बजे वे एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करेंगे, जिसके बाद वे नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस दौरे को आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों और संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की दृष्टि से अहम माना जा रहा है।

Recent Comments