
देहरादून। विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण का संतुलन साधते हुए मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने राजधानी देहरादून को हरा-भरा बनाने की मुहिम तेज कर दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “हरित दून” विजन को साकार करने के लिए एमडीए ने इस वर्ष एक लाख पौधे लगाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है।
इसी अभियान की जमीनी हकीकत परखने के लिए सोमवार सुबह एमडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कार्यालय जाते समय सड़क डिवाइडरों पर चल रहे पौधरोपण कार्य का औचक निरीक्षण किया और कर्मचारियों के साथ मिलकर स्वयं पौधा रोपित किया।सोमवार सुबह कार्यालय जाते समय उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी की नजर शहर के एक प्रमुख मार्ग के डिवाइडर पर चल रहे पौधरोपण कार्यों पर पड़ी। उन्होंने तुरंत वाहन रुकवाया और मौके पर पहुंचकर प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पौधों की प्रजाति, गुणवत्ता और रोपण के बाद उनकी देखभाल की व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा। उन्होंने देखा कि उद्यान अनुभाग के कर्मचारी न केवल नए पौधे लगा रहे हैं, बल्कि पहले से रोपित पौधों की निराई-गुड़ाई, सफाई और सुरक्षा का कार्य भी पूरी निष्ठा से कर रहे हैं। अभियान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाते हुए उपाध्यक्ष ने कर्मचारियों के साथ मिलकर एक पौधा भी लगाया और कहा कि यह केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ भविष्य का संकल्प है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार कह रहे हैं कि विकास के साथ-साथ पर्यावरण को बचाना भी हमारी प्राथमिकता है। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए एमडीए शहर के प्रमुख मार्गों, सड़क डिवाइडरों, पार्कों, सार्वजनिक स्थलों और खाली पड़ी भूमि पर बड़े पैमाने पर पौधरोपण कर रहा है।

उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के नेतृत्व में यह अभियान सिर्फ पौधे लगाने तक सीमित नहीं रखा गया है। उनके निर्देश पर प्रत्येक पौधे की नियमित सिंचाई, सुरक्षा और निगरानी के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई गई है। प्राधिकरण का मानना है कि अभियान की सफलता तभी मानी जाएगी जब लगाए गए पौधे सुरक्षित रहकर बड़े होकर घने वृक्ष बनें।एमडीडीए ने इस वित्तीय वर्ष में देहरादून में एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। इसके तहत शहर को अधिक हरित, स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने की तैयारी है।
उपाध्यक्ष तिवारी ने कहा कि सड़क डिवाइडरों और सार्वजनिक स्थलों पर बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण से शहर की सुंदरता बढ़ेगी ही, साथ ही वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने, तापमान को संतुलित रखने और नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी। आने वाले वर्षों में यह अभियान देहरादून को एक आदर्श “हरित शहर” के रूप में स्थापित करेगा।
निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने उद्यान अनुभाग के कर्मचारियों की कार्यशैली की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि शहर को हरा-भरा बनाने में कर्मचारियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। जिस समर्पण से वे काम कर रहे हैं वह सराहनीय है। उपाध्यक्ष के प्रोत्साहन से कर्मचारियों में भी नया जोश देखने को मिला।
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण पौधरोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण पर विशेष ध्यान दे रहा है। उद्यान अनुभाग को नियमित रखरखाव और निगरानी के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम को सफल बनाने के लिए जनसहभागिता जरूरी है। यदि आम लोग भी लगाए गए पौधों की सुरक्षा को अपनी जिम्मेदारी समझें तो देहरादून को “हरित राजधानी” बनाने का सपना जल्द साकार हो सकता है।

Recent Comments