
जातीय-धार्मिक संतुलन के साथ हर वर्ग को साधने की कोशिश, युवा-महिला कार्यकर्ताओं को भी मिली अहम जिम्मेदारी
देहरादून। उत्तराखंड में 2027 की शुरुआत में प्रस्तावित विधानसभा चुनावों से पहले प्रदेश की सियासत गरमाने लगी है। एक तरफ सत्तारूढ़ भाजपा मतदाता सूची शुद्धीकरण अभियान में जुटी है, तो दूसरी ओर प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस ने भी बूथ स्तर तक अपने तंत्र को मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है। इसी सिलसिले में देहरादून महानगर कांग्रेस कमेटी ने अपनी नई और बड़ी कार्यकारिणी का गठन कर दिया है, जिसमें आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए व्यापक सांगठनिक बदलाव किए गए हैं।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह ने नई टीम का ऐलान करते हुए कहा कि इसमें पार्टी की समावेशी सोच को पूरी तरह उतारा गया है और समाज के हर तबके, हर जाति-धर्म, युवाओं, महिलाओं तथा पुराने अनुभवी कार्यकर्ताओं को उचित स्थान दिया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह टीम पूरे जोश, निष्ठा और अनुशासन के साथ पार्टी की नीतियों और आमजन से जुड़े मुद्दों को देहरादून के कोने-कोने तक पहुंचाने का काम करेगी।
16 चेहरों को उपाध्यक्ष पद की कमान
नई कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष के रूप में जिन 16 नेताओं को शामिल किया गया है उनमें अभिषेक तिवारी, राव नसीम, नईम, सुनील जायसवाल, सज्जाद अंसारी, हरजीत सिंह, अरुण शर्मा, अनूप कुमार, जसविंदर सिंह, विकास पुंडीर, किशन, ट्विंकल अरोड़ा, गीता राम, जितेंद्र कुमार, अमन कुमार और संतन सिंह के नाम शामिल हैं।
महासचिव पद पर भी 16 नियुक्तियां
महासचिव की जिम्मेदारी सलमान अहमद, संजय भारती, रामबाबू, प्रदीप, गुरचरण, नीरू, सैय्यद जमाल, अमनदीप, अल्ताफ, परमजीत, सौरभ, तौकीर, आलोक, दीपक, मोहन और ऋषभ जैन को सौंपी गई है।
अन्य पदों पर भी हुई नियुक्तियां
संगठन को और मजबूत बनाने के लिए 12 नए सचिव बनाए गए हैं। उपाध्यक्षों की सूची में शामिल अभिषेक तिवारी को कोषाध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है, जबकि शकील मंसूरी को कार्यालय सचिव नियुक्त किया गया है। पार्टी की डिजिटल उपस्थिति मजबूत करने के लिए शिवांशु जायसवाल को सोशल मीडिया इंचार्ज बनाया गया है। प्रवक्ता के तौर पर मंजू त्रिपाठी और अनुराग मित्तल पार्टी का पक्ष मीडिया के सामने रखेंगे, वहीं मीडिया से जुड़े कामकाज की जिम्मेदारी शिवम को दी गई है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि 2027 के अहम मुकाबले से पहले देहरादून जैसे महत्वपूर्ण शहरी क्षेत्र में कांग्रेस का इस तरह संतुलित और विस्तृत टीम उतारना यह दर्शाता है कि पार्टी जमीनी स्तर पर सत्तापक्ष को कड़ी टक्कर देने की रणनीति पर काम कर रही है।

Recent Comments