

कोटा के बाद अब उत्तराखंड में गूंजेगी छात्रों की आवाज, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बुलाई बड़ी बैठक
देहरादून। कोटा के बाद अब उत्तराखंड में “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जा रहा है। 17 जुलाई 2026 को कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी देहरादून में इस कार्यक्रम का उद्घोष करेंगे।
यह जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आज प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय देहरादून में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल की अध्यक्षता में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, केंद्रीय चुनाव समिति सदस्य एवं प्रदेश चुनाव अभियान समिति अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सीडब्ल्यूसी सदस्य करन माहरा, प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, राष्ट्रीय सचिव काजी निजामुद्दीन, प्रकाश जोशी, सुरेन्द्र शर्मा, मनोज यादव, विधायक मदन सिंह बिष्ट, गोपाल सिंह राणा, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, युवा कांग्रेस अध्यक्ष विशाल भोजक, एनएसयूआई अध्यक्ष विकास नेगी सहित कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में मौजूद सभी नेताओं ने अपने-अपने सुझाव दिए और कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को भव्य रूप से आयोजित करने का आह्वान किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा, जिसका संदेश प्रत्येक युवा तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों ने युवाओं का भविष्य चौपट कर दिया है और उच्च शिक्षा हासिल करने के बावजूद प्रदेश के नौजवानों को रोजगार के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है।
गोदियाल ने बताया कि राहुल गांधी ने राजस्थान से “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम की शुरुआत की थी और अब 17 जुलाई 2026 को इसका उद्घोष उत्तराखंड में होगा। उन्होंने प्रदेश के सभी युवा साथियों से इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने की अपील की है।

Recent Comments