

बदरीनाथ धाम में थाली भेंट की धनराशि और भेंट सामग्री में कथित वित्तीय अनियमितता के मामले में SIT जांच के बाद मंदिर समिति के कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को देहरादून से गिरफ्तार किया गया। CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की।
चमोली/देहरादून। श्री बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की थाली भेंट की धनराशि एवं अन्य भेंट सामग्री में कथित वित्तीय अनियमितता के मामले में गठित विशेष जांच दल (SIT) की जांच के बाद पुलिस ने मंदिर समिति के कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को देहरादून से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की संलिप्तता सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई को श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के प्रभारी मंदिर अधिकारी युद्धवीर पुष्पवान की लिखित तहरीर पर कोतवाली बदरीनाथ में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 306 एवं 316(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया कि 2 जुलाई को थाली भेंट की गणना के दौरान वित्तीय अनियमितता की सूचना मिलने पर गठित विभागीय जांच समिति की प्रारंभिक जांच में मंदिर समिति के कर्मचारी प्रमोद नौटियाल द्वारा धनराशि और अन्य भेंट सामग्री को अवैध रूप से अपने कब्जे में लेने के तथ्य सामने आए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी चमोली मदन सिंह बिष्ट की निगरानी में एसआईटी का गठन किया गया। जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण, गवाहों के बयान और सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया गया।
पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में आरोपी कई बार गणना कक्ष से धनराशि और अन्य भेंट सामग्री को मोबाइल फोन के नीचे छिपाकर तथा जेब में रखकर बाहर ले जाता हुआ दिखाई दिया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अलग-अलग समय पर ₹500 के नोट, सोना-चांदी के सिक्कों के पैकेट, शालिग्राम शिला और केसर के पैकेट कथित रूप से अपने कब्जे में लिए।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस टीम ने 12 जुलाई की रात आरोपी प्रमोद नौटियाल को उसके देहरादून स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है तथा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Recent Comments