

केके मिश्रा की अध्यक्षता में समाधान दिवस, घरेलू हिंसा से लेकर भूमि विवाद तक सुनीं फरियादें
देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के दिशा-निर्देशों पर सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा की अध्यक्षता में ‘समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया। जनता की समस्याओं को सुनने और त्वरित निस्तारण के लिए आयोजित इस शिविर में फरियादियों की भारी भीड़ उमड़ी। करीब 4 घंटे तक चले आयोजन में भूमि विवाद, अवैध कब्जे, अतिक्रमण, घरेलू हिंसा, आर्थिक सहायता और फीस माफी जैसे मुद्दों से जुड़ी कुल 176 शिकायतें दर्ज की गईं।
अपर जिलाधिकारी ने मौके पर ही अधिकांश शिकायतों का निपटारा किया। शेष गंभीर और जांच योग्य मामलों को संबंधित विभागों को भेजते हुए तय समय सीमा में कानूनी और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में बुजुर्गों और महिलाओं के उत्पीड़न के मामलों पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया। जीवनगढ़ निवासी 65 वर्षीय विधवा सावित्री देवी ने बेटे-बहू पर मकान कब्जाने और मारपीट का आरोप लगाया। इस पर एसडीएम विकासनगर को भरण-पोषण अधिनियम के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वरिष्ठ नागरिक नसीम चंद की शिकायत पर नगर निगम और तहसीलदार को तत्काल जांच सौंपी गई।
संजय कॉलोनी की विधवा पूजा देवी ने बताया कि पति के निधन के बाद ननदों ने मकान पर कब्जा कर लिया। इस पर एसडीएम विकासनगर को तुरंत कार्रवाई करने को कहा गया। जोगीवाला की तुलसी देवी और निरंजनपुर की फूलों देवी ने पति द्वारा मारपीट और दहेज उत्पीड़न की शिकायत की, जिस पर पुलिस और प्रशासन को पीड़िताओं की मदद के निर्देश दिए गए।
जमीन से जुड़े विवादों और सरकारी संपत्तियों पर अतिक्रमण को लेकर अधिकारियों को मौके पर जाकर रिपोर्ट देने को कहा गया। केदारपुरम की अनीता गुप्ता ने रजिस्ट्री में धोखाधड़ी का आरोप लगाया। मामले की जांच जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को सौंपी गई। ग्राम पंचायत झाझरा और डोईवाला के कान्हरवाला में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत पर बीडीओ और एसडीएम डोईवाला को पैमाइश कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए। प्रेमपुर माफी में भूमि खरीद के बाद भी कब्जा न मिलने की शिकायत पर एसडीएम को जांच के आदेश हुए।
जनहित के कार्यों में भी तेजी लाने के निर्देश दिए गए। बैंक ऋण के कारण सीज हुए मकान में चल रहे आंगनबाड़ी केंद्र का सामान वापस दिलाने के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी को बैंक से समन्वय करने को कहा गया। शीला शेर मोटर मार्ग पर पुल निर्माण में देरी के कारण बच्चों को हो रही परेशानी पर पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता को काम में तेजी लाने और वैकल्पिक मार्ग दुरुस्त करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत कावाखेड़ा में टोंस नदी से पंपिंग योजना और खन प्रभावित क्षेत्रों में सिंचाई-पाइपलाइन के लिए खनिज फाउंडेशन न्यास निधि से प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। श्रावण मास के गणियात मेले और दखडान मेले में सांस्कृतिक दलों की व्यवस्था की जिम्मेदारी जिला पर्यटन अधिकारी को दी गई।
कार्यक्रम में सिटी मजिस्ट्रेट राजेश तिवारी, एसडीएम अपूर्वा सिंह, एसडीएम कुमकुम जोशी, एसडीएम अपर्णा ढौंडियाल, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Recent Comments