रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस शुरू! कुमाऊं-गढ़वाल जुड़े, हफ्ते में 2 दिन चलेगी ट्रेन 

CM धामी बोले- नई रेल सेवा विकास की जीवनरेखा, यात्री बढ़े तो रोज चलेगी ट्रेन 

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को वर्चुअल माध्यम से रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस रेल सेवा का संयुक्त रूप से फ्लैग ऑफ कर नियमित संचालन शुरू किया। यह ट्रेन सप्ताह में दो बार रामनगर से देहरादून तक चलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह नई रेल सेवा उत्तराखंड की विकास यात्रा की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह केवल ट्रेन नहीं, बल्कि कुमाऊं और गढ़वाल मंडलों के बीच विकास, संपर्क और अवसरों की नई जीवनरेखा बनेगी। उन्होंने इस सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री का आभार जताया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि यह रेल सेवा रामनगर से काशीपुर, रोशनपुर, पिपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार होते हुए देहरादून तक जाएगी। इससे कुमाऊं, गढ़वाल के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बड़े क्षेत्र को भी प्रदेश से सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। यात्रियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और पर्यटकों को सुरक्षित और समयबद्ध यात्रा का लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में रेलवे आधुनिकता के नए युग में प्रवेश कर चुकी है। वंदे भारत और नमो भारत जैसी मेड इन इंडिया ट्रेनों ने देश की तकनीकी क्षमता को नई पहचान दी है। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना अंतिम चरण में है और उत्तराखंड को दो वंदे भारत ट्रेनों की सौगात मिल चुकी है। वर्ष 2026-27 में प्रदेश को रेल अवसंरचना के लिए रिकॉर्ड 4,769 करोड़ रुपये का बजट मिला है। वर्तमान में राज्य में लगभग 39 हजार करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में रेल देश के विकास का मजबूत आधार बन रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस क्षेत्रीय संपर्क मजबूत करेगी। यदि यात्रियों की संख्या बढ़ती है तो इस ट्रेन का संचालन प्रतिदिन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह एक्सप्रेस गढ़वाल और कुमाऊं के बीच सेतु का काम करेगी।

रेल मंत्री ने बताया कि वर्ष 2023 से अब तक उत्तराखंड से देश के विभिन्न हिस्सों के लिए 20 नई और विस्तारित रेल सेवाएं शुरू की गई हैं। प्रदेश के 11 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण भी किया जा रहा है। उन्होंने रेल विस्तार में सहयोग के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, विधायक दीवान सिंह बिष्ट, अरविंद पांडे और रेलवे के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments