

उत्तरकाशी। लोकतंत्र के महापर्व के दृष्टिगत जिले में मतदाता शिक्षा और चुनावी भागीदारी (SVEEP) गतिविधियों को तेजी से संचालित किया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट के निर्देशन में मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिहीन बनाने के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा दावे और आपत्तियों के त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण के लिए संबद्ध निर्वाचन अधिकारियों एवं कार्मिकों के साथ विशेष बैठक और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के सभी नागरिकों और मतदाताओं से अपील की है कि वे समय रहते अपने दावे और आपत्तियां दर्ज कराएं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने कहा, “सही जानकारी देकर मतदान का अधिकार सुनिश्चित करें। अपने दावे/आपत्ति समय से दर्ज कर लोकतंत्र को और मजबूत बनाएं, क्योंकि मजबूत वोटर से ही मजबूत लोकतंत्र का निर्माण होता है।”
*नोटिस मिलने पर पेश करें ये 11 मान्य दस्तावेज*
निर्वाचन कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी मतदाता को मतदाता सूची के पुनरीक्षण या सत्यापन प्रक्रिया के दौरान BLO के माध्यम से नोटिस प्राप्त होता है, तो वे अपनी पहचान, आयु या निवास पात्रता सिद्ध करने के लिए निम्न 11 प्रामाणिक दस्तावेजों में से कोई एक प्रस्तुत कर सकते हैं:
1. *सरकारी पहचान पत्र/पेंशन आदेश* – केंद्र/राज्य सरकार या PSU के कर्मचारी/पेंशनभोगी का ID या पेंशन आदेश
2. *ऐतिहासिक प्रामाणिक दस्तावेज* – 01.07.1987 से पूर्व सरकार, बैंक, डाकघर, LIC, PSU द्वारा जारी ID/प्रमाण पत्र
3. *जन्म प्रमाण पत्र* – सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी वैध जन्म प्रमाण पत्र
4. *पासपोर्ट* – भारत सरकार द्वारा जारी वैध पासपोर्ट
5. *शैक्षिक प्रमाण पत्र* – मान्यता प्राप्त बोर्ड/विश्वविद्यालय का हाईस्कूल या अन्य प्रमाण पत्र
6. *स्थायी निवास प्रमाण पत्र* – सक्षम राज्य प्राधिकारी द्वारा जारी मूल निवास
7. *वन अधिकार प्रमाण पत्र* – वन अधिकार अधिनियम के तहत जारी प्रमाण पत्र
8. *जाति प्रमाण पत्र* – OBC, SC, ST या अन्य जाति का वैध प्रमाण पत्र
9. *राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर* – NRC का रिकॉर्ड जहां अस्तित्व में हो
10. *परिवार रजिस्टर* – राज्य/स्थानीय प्राधिकारी द्वारा तैयार परिवार रजिस्टर की नकल
11. *भूमि/मकान आवंटन पत्र* – सरकार द्वारा जारी भूमि/मकान आवंटन प्रमाण पत्र
*डिजिटल सेवाओं का लाभ उठाएं*
SVEEP उत्तरकाशी ने मतदाताओं की सुविधा के लिए डिजिटल टूल्स अपनाने पर जोर दिया है। मतदाता ‘Ecinet ऐप’ डाउनलोड करके मतदाता सूची में नाम खोजने, आधार सीडिंग की स्थिति जांचने, वोटर स्लिप डाउनलोड करने और शिकायत दर्ज करने जैसी सुविधाओं का लाभ घर बैठे उठा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए http://www.ceo.uk.gov.in पर विजिट करें या मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क करें।
जिला प्रशासन ने “हर वोटर बने जिम्मेदार, लोकतंत्र बने और भी सशक्त” के आह्वान के साथ सभी जनपद वासियों से चुनावी प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की है।

Recent Comments