जनगणना 2027 की तैयारियों को मिली गति, नगर निगम देहरादून में आयोजित हुआ एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम

देहरादून। जनगणना 2027 के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर तैयारियां निरंतर तेज़ी से आगे बढ़ रही हैं। इसी क्रम में जिला जनगणना कार्यालय, देहरादून द्वारा नगर निगम परिसर में जनगणना संबंधी एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना कार्यों में संलग्न अधिकारियों एवं कार्मिकों को जनगणना हस्तपुस्तिका, प्रक्रियाओं तथा आगामी कार्ययोजना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान करना रहा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला जनगणना कार्यालय के प्रभारी प्रशिक्षक प्रदीप यादव एवं शकुलदीप चौहान ने प्रतिभागियों को जनगणना से जुड़े विभिन्न तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इस दौरान जनगणना कार्यों के संचालन, अभिलेखों के संधारण, डेटा प्रबंधन तथा आगामी चरणों की तैयारियों पर विशेष रूप से मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में कुल 42 प्रतिभागियों ने सहभागिता करते हुए प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण में चार्ज अधिकारी एवं वर्तमान में टाउन अधिकारी के रूप में कार्यरत डॉ. वरुण अग्रवाल, वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी, नगर निगम देहरादून ने भी प्रतिभाग किया और जनगणना कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर अपने सुझाव साझा किए।

उल्लेखनीय है कि नगर निगम देहरादून के नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे जनगणना कार्यों के प्रधान जनगणना अधिकारी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनके मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में जनगणना 2027 की तैयारियां योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ रही हैं। जनगणना निदेशालय के निर्देशानुसार प्रारंभिक चरण में मकानों की गणना का कार्य पूर्ण कर संबंधित आंकड़ों की पोर्टल पर प्रविष्टि भी की जा चुकी है, जिससे आगामी चरणों के लिए मजबूत आधार तैयार हुआ है।

नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे ने जनगणना को राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण प्रक्रिया बताते हुए सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सटीक जनगणना आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं, संसाधनों के बेहतर प्रबंधन तथा जनकल्याणकारी नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से जनगणना 2027 की तैयारियों को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया, जिससे आगामी जनगणना कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर सफलतापूर्वक संपन्न किया जा सकेगा।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments