

देहरादून। कारगिल विजय दिवस की स्मृति में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद देहरादून महानगर के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को एक भव्य मशाल यात्रा का आयोजन किया। इस यात्रा का उद्देश्य राष्ट्र के अमर बलिदानियों को नमन करना और युवाओं में देशभक्ति की भावना को जागृत करना था। मशाल यात्रा गांधी पार्क से शुरू होकर घंटाघर पर संपन्न हुई।
हाथों में जलती मशालें लिए सैकड़ों युवाओं ने ‘भारत माता की जय’, ‘कारगिल के वीर शहीद अमर रहें’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि कारगिल युद्ध के नायकों के त्याग और सर्वस्व समर्पण को याद करना आज की पीढ़ी के लिए जरूरी है।
कार्यक्रम में अभाविप के प्रदेश मंत्री यशवंत पंवार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि अपने अधिकारों के लिए देश के खिलाफ बोलना आसान है, लेकिन बिना किसी स्वार्थ के राष्ट्र के प्रति कर्तव्य का निर्वहन कैसे किया जाता है यह भारतीय सेना से सीखा जा सकता है। यशवंत पंवार ने कहा कि 1999 में कारगिल की दुर्गम चोटियों पर भारतीय सेना के जवानों ने जो अदम्य साहस और पराक्रम दिखाया वह हर भारतवासी के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि अभाविप ऐसे महान बलिदानियों की स्मृति को जीवंत रखने और आने वाली पीढ़ी में राष्ट्र प्रथम की भावना जगाने के लिए प्रतिबद्ध है।
यात्रा के समापन पर घंटाघर पर सभी कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर मां भारती के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर देश की अखंडता और संप्रभुता की रक्षा का संकल्प भी लिया गया।
इस मशाल यात्रा में प्रदेश मंत्री यशवंत पंवार, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सुमित कुमार, विभाग संगठन मंत्री प्रमेश जोशी, DAV छात्र संघ अध्यक्ष ऋषभ मल्होत्रा, SGRR छात्र संघ अध्यक्ष बलवीर कुँवर, महानगर मंत्री आयुषी पैन्युली, जिला छात्रा विस्तारिका भावना सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और युवा कार्यकर्ता शामिल हुए।

Recent Comments