

शहीदों के परिजनों और वीर सैनिकों को किया सम्मानित
पौड़ी। कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ पर शनिवार को जनपद पौड़ी गढ़वाल में शौर्य दिवस पूरे सम्मान और राष्ट्रभक्ति के भाव के साथ मनाया गया। शहीद स्मारक, एजेंसी चौक पौड़ी और कोटद्वार में आयोजित कार्यक्रमों में कारगिल के अमर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर उनके अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया गया।
कार्यक्रम में स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी अशोक कुमार जोशी और संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात सहित प्रशासनिक अधिकारी, पूर्व सैनिक और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम से पहले छात्र-छात्राओं ने एजेंसी चौक से कलेक्ट्रेट तक प्रभात फेरी निकालकर माहौल को देशभक्ति से भर दिया।
विधायक राजकुमार पोरी ने “भारत माता की जय” के उद्घोष के साथ सभी को कारगिल दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लगभग 75 वीर सपूतों ने मातृभूमि की रक्षा में प्राण दिए, जिनमें पौड़ी गढ़वाल के 17 शहीद भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यदि सीमाओं पर हमारे सैनिक सतर्क न हों तो देश का कोई नागरिक सुरक्षित नहीं रह सकता। इसलिए हर नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखे।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि कारगिल विजय दिवस वीर सैनिकों के त्याग और राष्ट्रभक्ति को नमन करने का दिन है। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध के दौरान सीमाओं से आती हर खबर हमें गर्व और पीड़ा दोनों देती थी। देश अपने शहीदों और उनके परिजनों का ऋण कभी नहीं चुका सकता। जिला प्रशासन शहीदों के सम्मान और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। शहीद द्वारों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और पूर्व सैनिकों की सुविधा के लिए सीएसडी कैंटीन की स्थापना का कार्य प्रगति पर है।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी मेजर करन सिंह सेनि ने कहा कि टाइगर हिल, तोलोलिंग और द्रास जैसी दुर्गम चोटियों पर भारतीय सैनिकों ने इतिहास रचा। नई पीढ़ी को उन गाथाओं से प्रेरणा लेकर देशभक्ति और अनुशासन का जज्बा विकसित करना चाहिए।
इस अवसर पर शहीद नायक मंगत सिंह के पुत्र नीरज भंडारी और वीर चक्र से सम्मानित शहीद राइफलमैन कुलदीप सिंह रावत के भाई विजय सिंह रावत को सम्मानित किया गया। कारगिल युद्ध में शामिल रहे सेवानिवृत्त नायब सूबेदार राम सिंह, हवलदार अर्जुन सिंह, नरेंद्र सिंह, गजेंद्र सिंह, नायक विमल सिंह, वकुल रावत, संजय सिंह और शहीद हवलदार जयवीर सिंह की पत्नी संगीता देवी को भी शॉल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

ब्लॉक स्तरीय निबंध प्रतियोगिता में शगुन, मेसमोर इंटर कॉलेज प्रथम, मानसी मन्द्रवाल, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज पौड़ी द्वितीय और स्वर्णिका, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज पैडुल तृतीय रहीं। चित्रकला में प्राची रावत प्रथम, मानवी द्वितीय और सलोनी रावत तृतीय स्थान पर रहीं। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज पौड़ी और राजमती देवी सरस्वती विद्या मंदिर तिमली की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को भी सराहा गया।
कार्यक्रम का संचालन अद्वैत बहुगुणा ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, पूर्व सैनिक और नागरिक उपस्थित रहे।

Recent Comments