उत्तरकाशी में धूमधाम से मना कारगिल विजय दिवस, वीर सपूतों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

ज्ञानसू में आयोजित हुआ ‘शौर्य दिवस’ समारोह; गंगोत्री विधायक, डीएम और एसपी ने शहीद दिनेश चंद्र के चित्र पर अर्पित किए पुष्प

उत्तरकाशी। जनपद मुख्यालय के ज्ञानसू स्थित शौर्य स्थल पर कारगिल विजय दिवस के अवसर पर भव्य ‘शौर्य दिवस’ समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सपूतों को याद कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।

मुख्य समारोह में गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय तथा अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र समेत तमाम अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने कारगिल शहीद राइफलमैन दिनेश चंद्र कुमांई के चित्र पर पुष्प चक्र अर्पित कर नमन किया। इस अवसर पर कुमाऊं रेजिमेंट, आईटीबीपी, उत्तराखंड पुलिस और एनसीसी की टुकड़ियों ने शहीदों को गार्ड ऑफ ऑनर पेश किया। कार्यक्रम में शहीद दिनेश चंद्र कुमांई की धर्मपत्नी वीरनारी अनीता देवी को शॉल व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि कारगिल युद्ध में भारतीय सैनिकों ने अदम्य साहस और राष्ट्रभक्ति का परिचय दिया था। शहीदों का यह बलिदान सदैव देशवासियों को राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता रहेगा और युवाओं को उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारना चाहिए। वहीं, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी हमारे सैनिकों ने वीरता का अद्भुत प्रदर्शन कर पूरे विश्व में भारत का मान बढ़ाया है। उनके त्याग से प्रत्येक नागरिक को अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की सीख मिलती है।

समारोह के दौरान देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्होंने उपस्थित जनसमूह में जोश भर दिया। इसके साथ ही देश सेवा में अपना अमूल्य योगदान देने वाले पूर्व सैनिकों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर सेवानिवृत्त मेजर आर. एस. जमनाल, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी संदीप नेगी, सीएमओ डॉ. श्याम विजय, सूबेदार महावीर सिंह राणा, एनसीसी सूबेदार राजकुमार, प्रेम सिंह पंवार सहित कई अधिकारी, पूर्व सैनिक और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments