

देहरादून। उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक हस्तशिल्प और महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में बुधवार को राजधानी देहरादून में ‘थाती by Hansuli’ के पहले आउटलेट का शुभारंभ किया गया। इस पहल के माध्यम से पहाड़ी चांदी के पारंपरिक आभूषणों के साथ-साथ स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय कारीगरों के उत्पादों को भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
दो वर्ष पूर्व शुरू हुई Hansuli ने उत्तराखंड की पारंपरिक पहाड़ी चांदी की ज्वेलरी को आधुनिक स्वरूप देकर देशभर के ग्राहकों तक पहुंचाने का कार्य किया। लोगों से मिले बेहतर प्रतिसाद के बाद अब कंपनी ने अपना पहला ऑफलाइन आउटलेट शुरू किया है।
संस्थापक गायत्री बालोदी ने बताया कि शुरुआत केवल पारंपरिक पहाड़ी चांदी के आभूषणों से की गई थी, लेकिन लोगों के विश्वास और समर्थन ने इस पहल को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि ‘थाती by Hansuli’ केवल एक व्यावसायिक प्रतिष्ठान नहीं, बल्कि उत्तराखंड की स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं, स्थानीय कारीगरों और छोटे उद्यमियों के लिए साझा मंच है। यहां उनके उत्पादों को ऑफलाइन के साथ-साथ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी बाजार उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं और सहयोग से देश के अलग-अलग राज्यों में स्टॉल लगाने का अवसर मिला, जिससे बाजार की मांग, ग्राहकों की पसंद, पैकेजिंग, पंजीकरण और विपणन को बेहतर ढंग से समझने में सहायता मिली। बिना ब्याज के ऋण जैसी सुविधाओं ने भी कारोबार के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
गायत्री बालोदी ने कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं आज ज्वेलरी निर्माण, डिजाइनिंग, मार्केटिंग और ब्रांडिंग जैसे क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। उनका उद्देश्य प्रदेश की पारंपरिक कला, संस्कृति और स्थानीय उत्पादों को देशभर में नई पहचान दिलाने के साथ महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।
स्थानीय हस्तशिल्प, पारंपरिक आभूषण और महिला सशक्तिकरण को एक मंच पर लाने वाली यह पहल प्रदेश की महिलाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
कार्यक्रम में रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ, देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल, लोकगायक रविन्द्र मंद्रवाल, सौरभ मैथानी, प्रीतम भरतवाण, के.सी. चमोली, चित्रांशी रावत, पूजा तोमर, सुनीता रजवाड़, गायत्री बालोदी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

Recent Comments