अग्निवीर योजना राष्ट्रीय सुरक्षा और वीरभूमि के युवाओं के भविष्य पर कुठाराघात: कर्नल रोहित चौधरी

कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ निकाली आक्रोश रैली, सत्ता में आने पर योजना खत्म करने का दोहराया संकल्प

देहरादून। कांग्रेस पार्टी के पूर्व सैनिक विभाग (सैनिक प्रकोष्ठ) के राष्ट्रीय अध्यक्ष कर्नल (सेवानिवृत्त) रोहित चौधरी ने देहरादून स्थित कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार की ‘अग्निवीर’ (अग्निपथ) भर्ती योजना पर तीखा हमला बोला और इसे देश की सैन्य परंपरा व सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताया।

कर्नल रोहित चौधरी ने कहा कि देवभूमि और वीरभूमि उत्तराखंड के युवाओं के मन में देशसेवा का जज़्बा है, लेकिन केंद्र सरकार की इस अल्पकालिक योजना ने उनके स्थायी भविष्य और सपनों को चकनाचूर कर दिया है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि चार साल की यह योजना सेना की युद्धक क्षमता और मनोबल को कमजोर कर रही है और देश को ‘कॉन्ट्रैक्ट’ पर आधारित सेना नहीं, बल्कि स्थायी व प्रशिक्षित सैनिकों की आवश्यकता है। पार्टी ने दोहराया कि केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनते ही इस योजना को समाप्त कर सेना में पुरानी स्थायी भर्ती प्रक्रिया को पुनः बहाल किया जाएगा।

इस मौके पर कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने भी केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का हर दूसरा परिवार भारतीय सेना से जुड़ा है और केंद्र सरकार की इस गलत नीति के कारण राज्य का युवा हताश व ठगा हुआ महसूस कर रहा है। मात्र 4 साल की नौकरी देकर सरकार युवाओं को अधर में लटका रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज्य के युवाओं के अधिकारों और राष्ट्रीय सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी और आगामी विधानसभा चुनावों में उत्तराखंड की जनता इस दमनकारी योजना का जवाब भाजपा को सत्ता से बेदखल करके देगी।

पत्रकार वार्ता के समापन के तुरंत बाद कर्नल रोहित चौधरी और डॉ. हरक सिंह रावत के नेतृत्व में केंद्र सरकार की इस नीति के खिलाफ एक जोरदार विरोध प्रदर्शन रैली भी निकाली गई। यह रैली कांग्रेस मुख्यालय से प्रारंभ होकर ऐतिहासिक घंटाघर पहुंची, जहां से कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार विरोधी नारों के साथ लैंसडाउन चौक का रुख किया। लैंसडाउन चौक पर प्रदर्शन के बाद रैली वापस कांग्रेस कार्यालय पर आकर शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हुई। रैली में भारी संख्या में पूर्व सैनिक, युवा और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।

इस अवसर पर प्रदेश पूर्व सैनिक विभाग अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी, प्रदेश उपाध्यक्ष सैनिक विभाग गोपाल गड़िया, बलबीर सिंह पंवार, आरपी ध्यानी , महेश कुकरेती, प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह व अभिनव थापर, महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी सहित कई गणमान्य पूर्व सैनिक, युवा कांग्रेस कार्यकर्ता और पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments