

हरिद्वार। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के द्वितीय चरण के सफल क्रियान्वयन हेतु ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाताओं से संवाद कर एसआईआर की प्रगति और नोटिसों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एआरओ एवं बीएलओ को निर्देश दिए कि मतदाताओं को निर्गत नोटिसों पर प्राप्त आपत्तियों की सुनवाई पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नोटिस मिलने पर किसी भी मतदाता को घबराने की आवश्यकता नहीं है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 11 अभिलेखों में से कोई भी एक वैध अभिलेख प्रस्तुत करने पर समस्या का उचित निराकरण किया जाएगा और पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं काटा जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में एसआईआर की पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संचालित की जा रही है। इस कार्य में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों का सहयोग मिल रहा है, जिससे प्रक्रिया की विश्वसनीयता और पारदर्शिता सुनिश्चित हो रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक पात्र मतदाता को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए और सभी प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित संबंधित बूथों के एआरओ, बीएलओ और क्षेत्रीय अधिकारी मौजूद रहे।

Recent Comments