मुख्यमंत्री ने 9.87 लाख पेंशन लाभार्थियों को भेजे 146.32 करोड़ रुपये

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में समाज कल्याण विभाग के तहत 9 लाख 87 हजार 17 पेंशन लाभार्थियों को जुलाई 2026 माह की पेंशन राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की। कुल 146 करोड़ 32 लाख 50 हजार रुपये सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजे गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। पेंशन का समयबद्ध और पारदर्शी भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है ताकि पात्र लोगों को योजनाओं का सीधा लाभ मिले। सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि समाज का कमजोर वर्ग सरकार के परिवार का हिस्सा है। सरकार का प्रयास है कि वृद्ध माता-पिता, विधवा बहन या दिव्यांग भाई को पेंशन के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। संकल्प है कि प्रत्येक पात्र नागरिक को सम्मानपूर्वक, समय पर और बिना परेशानी के उसका अधिकार मिले।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” की भावना के साथ उत्तराखंड को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है।

समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने बताया कि जुलाई-2026 की पेंशन किश्त का भुगतान कर दिया गया है। इसमें राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम NSAP के 2.15 लाख पेंशनर भी शामिल हैं, जिन्हें SNA स्पर्श प्रणाली से भुगतान किया जा रहा है।

योजना-वार वितरण:

  • वृद्धावस्था पेंशन: 6,15,628 लाभार्थियों को 1,500 रुपये प्रतिमाह की दर से 92.34 करोड़ रुपये
  • विधवा पेंशन: 2,36,983 लाभार्थियों को 1,500 रुपये प्रतिमाह की दर से 35.54 करोड़ रुपये
  • दिव्यांग पेंशन: 89,128 लाभार्थियों को 1,500 रुपये की दर से 13.36 करोड़ रुपये
  • किसान पेंशन: 27,288 लाभार्थियों को 1,200 रुपये की दर से 3.2 करोड़ रुपये
  • परित्यक्ता पेंशन: 8,284 लाभार्थियों को 1,200 रुपये की दर से 99.40 लाख रुपये
  • भरण-पोषण अनुदान: 7,383 लाभार्थियों को 700 रुपये की दर से 51.68 लाख रुपये
  • तीलू रौतेली पेंशन: 2,196 लाभार्थियों को 1,200 रुपये की दर से 26.35 लाख रुपये
  • बौना पेंशन: 127 लाभार्थियों को 1,200 रुपये की दर से 1.52 लाख रुपये

इस अवसर पर सचिव समाज कल्याण श्रीधर बाबू अद्दांकी, निदेशक जनजाति कल्याण संजय टोलिया, अपर सचिव सुन्दरलाल सेमवाल, निदेशक संजय कुमार, अपर निदेशक योगेंद्र रावत, संयुक्त निदेशक जी.आर नौटियाल, गोवर्धन सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments