

देहरादून। गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समाधान दिवस में 145 से अधिक फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं। आयुक्त ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया और शेष मामलों के लिए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और विभागीय स्तर पर लंबित घोषणाओं की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने नाराजगी जताई कि CM हेल्पलाइन की कुछ शिकायतें 180 दिनों से अधिक समय से लंबित हैं। उन्होंने एक माह के भीतर सभी लंबित शिकायतों का निस्तारण अनिवार्य करने और 36 दिन से अधिक समय से लंबित मामलों को प्राथमिकता पर निपटाने के निर्देश दिए। बड़ी संख्या में बुजुर्ग फरियादियों के पहुंचने पर आयुक्त ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को इंतजार न करना पड़े, इसके लिए कलेक्ट्रेट परिसर में ही निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था की जाए ताकि लोग अपनी बारी के दौरान जांच का लाभ ले सकें।
सड़क, सुरक्षा दीवार और आपदा से जुड़े मामलों में आयुक्त ने कालसी के खत कोरू में लंबे समय से स्वीकृत सड़कों का निर्माण शीघ्र शुरू कराने को कहा। ग्राम बड़ासी ग्रांट में सौंग नदी में जलस्तर बढ़ने से सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त होने और आबादी क्षेत्र की ओर पानी बढ़ने की आशंका पर प्रभागीय वनाधिकारी को जांच कर सुरक्षा दीवार का प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए। ग्राम समाज की भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत पर तहसीलदार को जांच कर अवैध कब्जा हटाने को कहा गया। अजबपुर कलां की बैंक कॉलोनी में बरसात का पानी घरों में घुसने पर लोक निर्माण विभाग को स्थायी समाधान करने को कहा गया। कालसी के सलगा-डेगडा में भारी बारिश से पैदल पुलिया क्षतिग्रस्त होने पर आपदा मद में तत्काल आकलन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। आराघर में पिछले साल बारिश से क्षतिग्रस्त मकान की मरम्मत के लिए अहेतुक सहायता न मिलने पर तहसीलदार को मौका मुआयना कर SDRF मानकों के अनुसार प्रस्ताव भेजने को कहा गया। वहीं कौलागढ़ में भारी बारिश से नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्कूल के आवासीय परिसर की दीवार क्षतिग्रस्त होने पर शिक्षा विभाग से तत्काल प्रस्ताव मांगा गया।
मार्ग अवरोध और अतिक्रमण के मामलों में डांडा लखौंड वार्ड-60 में सहस्रधारा रोड से डिफेंस कॉलोनी एन्क्लेव संपर्क मार्ग पर 7 फीट ऊंचे दो पिलर और लोहे के गाटर लगाकर रास्ता बंद करने की शिकायत पर अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को जांच कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इससे स्कूल बस, एंबुलेंस और ट्रैक्टर-ट्रॉली का आवागमन प्रभावित हो रहा था। हरिपुर कलां वार्ड-41 में भवनों का बरसात का पानी सीवर लाइन से जोड़ने से घरों में सीवर का पानी भरने की शिकायत पर नगर निगम को पूरे शहर में जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।
धोखाधड़ी और मुआवजे के मामलों में आईटी पार्क में मनमोहन सकलानी द्वारा मकान खरीद के नाम पर 20 लाख की धोखाधड़ी की शिकायत पर एसडीएम को जांच कर निस्तारण के निर्देश दिए। 68 वर्षीय प्रेम सिंह बिष्ट द्वारा दामाद पर मकान पर कब्जे के लिए मारपीट और धमकी देने की शिकायत पर संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी सिटी को तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया। ऋषिकेश में आईएसबीटी से चंद्रभागा पुल तक सड़क निर्माण में वर्ष 2007 से अधिग्रहित भूमि-दुकानों का मुआवजा लंबित होने पर ओसी डीएलआरसी से आख्या मांगी गई। ग्राम पंचायत कावाखेड़ा से कांदोई भरम तक 6 किमी मोटर मार्ग न बनने से आवागमन की समस्या पर लोक निर्माण विभाग को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। शुभव व्यास द्वारा पीएम सूर्य घर योजना के तहत सोलर लगाने के नाम पर धोखाधड़ी की शिकायत पर विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता को दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा गया।
समाधान दिवस के अंत में आयुक्त ने अधिकारियों को हिदायत दी कि स्थानीय स्तर की समस्याओं को जिला मुख्यालय तक न आने दें और निचले स्तर पर ही निपटाएं। अवैध अतिक्रमण, भूमि पर अवैध कब्जे और भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, डीएफओ वैभव सिंह, एडीएम केके मिश्रा, एडीएम स्मृता परमार, एसपी जगदीश पंत, जेएम राहुल आनंद, सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, एसडीएम अपूर्वा सिंह, एसडीएम अपर्णा ढौडियाल सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Recent Comments