देहरादून पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर वाहन चोर गिरोह, 13 दोपहिया बरामद

नंबर प्लेट हटाकर करते थे फरारी, किराये पर भी चलाते थे चोरी के वाहन

देहरादून। कोतवाली पटेलनगर पुलिस ने वाहन चोरी की सात अलग-अलग घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। मामले की शुरुआत आदित्य निवासी चन्द्रबनी चोयला पटेलनगर और दीपक सिंघल निवासी शक्ति विहार माजरा की तहरीरों से हुई थी, जिनकी रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिलें चोरी हो गई थीं। दोनों मामलों में बीएनएस की धारा 303(2) के तहत अभियोग दर्ज किए गए थे।

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर थाना पटेलनगर में अलग-अलग टीमें गठित की गईं, जिन्होंने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और पूर्व में वाहन चोरी में शामिल रहे संदिग्धों का सत्यापन किया। लगातार प्रयासों के बाद 10 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर हरिद्वार बाईपास रोड स्थित कबाड़ी बाजार के पास से पुलिस ने दो आरोपियों को दो चोरी की बुलेट मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपियों ने देहरादून के अलग-अलग इलाकों से कई अन्य वाहन चोरी करना स्वीकार किया, जिनकी निशानदेही पर पुलिस ने पांच अन्य रॉयल एनफील्ड बुलेट सहित कुल 13 दोपहिया वाहन बरामद किए। आरोपियों ने बताया कि दो और चोरी के वाहन हरिद्वार के थाना श्यामपुर और हरियाणा के पानीपत में सीज हैं, जिनकी बरामदगी के लिए टीम रवाना की गई है।

पूछताछ के अनुसार आरोपी योजनाबद्ध तरीके से सुनसान जगहों पर खड़े दोपहिया वाहनों को चिन्हित कर मौका मिलते ही चोरी करते थे। पुलिस को गुमराह करने के लिए वे चोरी के वाहनों की नंबर प्लेट हटाकर गली-मोहल्लों के रास्ते से गुजरते हुए पहले से तय जगह पर वाहन खड़ा कर देते थे और ग्राहक मिलने पर बेच देते थे। अपने खर्चों की पूर्ति के लिए वे नंबर प्लेट रहित वाहनों को परिचितों को किराये पर भी देते थे और सभी वाहनों को बाहर ले जाकर बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश में जुटे थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विवेक सिंह विश्नोई पुत्र धनवीर सिंह विश्नोई, निवासी श्यामपुर कांगड़ी, थाना श्यामपुर, जिला हरिद्वार, उम्र 23 वर्ष, तथा गुरप्रीत सिंह पुत्र कुलवंत सिंह, निवासी ग्राम टाटवाला श्यामपुर कांगड़ी, थाना श्यामपुर, जिला हरिद्वार, उम्र 20 वर्ष के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सात बुलेट मोटरसाइकिलें, तीन एक्टिवा स्कूटी, दो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और एक सिटी 100 मोटरसाइकिल सहित कुल 13 दोपहिया वाहन बरामद किए, जो कोतवाली पटेलनगर, थाना क्लेमेंट टाउन और थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र से जुड़े अलग-अलग मामलों से संबंधित हैं। घटनाओं का अनावरण करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी देहरादून ने ढाई हजार रुपये के नकद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments