

DM-SSP ने किया निरीक्षण, राजपत्रित अधिकारियों संग हुई गोष्ठी
देहरादून। स्वतंत्रता दिवस 2026 के मुख्य कार्यक्रम में विशिष्ट महानुभावों के शामिल होने के मद्देनजर 12 अगस्त को जिलाधिकारी देहरादून और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने परेड ग्राउंड का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एसएसपी देहरादून ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस कार्यालय में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों के साथ गोष्ठी की गई।
गोष्ठी में अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के स्कूलों, संस्थानों और राजकीय कार्यालयों में होने वाले ध्वजारोहण कार्यक्रमों का विवरण रखने तथा विशिष्ट व्यक्तियों व संभावित भीड़ का आकलन कर सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जनपद के महत्वपूर्ण और भीड़भाड़ वाले स्थलों जैसे बस स्टेशन व रेलवे स्टेशन पर बीडीएस और डॉग स्क्वाड के माध्यम से सघन चेकिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अंतर्जनपदीय व अंतर्राज्यीय सीमाओं तथा आंतरिक मार्गों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की तलाश के लिए चेकिंग अभियान चलाने को भी कहा गया।
मुख्य समारोह स्थल परेड ग्राउंड पर संबंधित विभागों के समन्वय से विशिष्ट अतिथियों और आम जनता के लिए प्रवेश-निकासी मार्ग चिन्हित करने, प्रभावी ट्रैफिक प्लान बनाकर एडवाइजरी जारी करने और वाहन पार्किंग स्थल चिन्हित करने के निर्देश दिए गए। स्वतंत्रता दिवस समारोह संपन्न होने तक सभी थाना क्षेत्रों में मोबाइल पार्टियां तैनात रहेंगी। पुलिस अधीक्षक अपराध, नगर और ग्रामीण को अपने-अपने क्षेत्रों में क्षेत्राधिकारियों व थाना प्रभारियों के साथ गोष्ठी कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने तथा किसी भी कमी का समय रहते निदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान परेड ग्राउंड के चारों ओर का क्षेत्र जीरो जोन रहेगा, जहां वाहनों, ठेलियों और रेहड़ियों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था को 4 सेक्टरों और 2 कॉर्डनों में बांटा गया है, जिनके प्रभारी क्षेत्राधिकारी स्तर के अधिकारी होंगे। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल के आसपास 12 इनर व आउटर प्वाइंटों पर बैरियर लगाकर पुलिस बल तैनात किया गया है। पूरी पुलिस व्यवस्था के प्रभारी पुलिस अधीक्षक अपराध रहेंगे।

Recent Comments