

देहरादून। क्षेत्रवासियों को एक ही छत के नीचे विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बालावाला में मंगलवार, 12 अगस्त 2026 को विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन डोईवाला के माननीय विधायक बृजभूषण गैरोला और बालावाला के पार्षद प्रशांत खरोला ने संयुक्त रूप से किया।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और चिकित्सकों की टीम ने दिनभर शिविर में पहुंचे मरीजों को परामर्श और जांच की सुविधा दी। शिविर में कुल 181 मरीजों का पंजीकरण हुआ। इनमें फिजिशियन ओपीडी में 75, स्त्री रोग विशेषज्ञ से 32, सर्जन से 25, ईएनटी से 13 और अन्य विशेषज्ञ सेवाओं में 24 मरीजों को उपचार एवं सलाह दी गई।
शिविर के दौरान राष्ट्रीय कार्यक्रमों के तहत भी व्यापक सेवाएं दी गईं। RBSK के अंतर्गत 54 बच्चों की स्क्रीनिंग, परिवार नियोजन की 38 सेवाएं, RKSK काउंसलिंग के 47 और टीबी स्क्रीनिंग के 116 लाभार्थियों की जांच की गई। निक्षय मित्र योजना के लिए 2 टीबी मरीजों को चिन्हित कर पंजीकृत किया गया। इसके अलावा 75 एक्स-रे, आयुष्मान कार्ड से जुड़ी 11 और 5 PW सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देते हुए 25 बच्चों का नियमित टीकाकरण किया गया। अभिभावकों को टीकाकरण के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। इस दौरान 1 बच्ची को HPV का टीका भी लगाया गया। प्रयोगशाला में हीमोग्लोबिन की 3, LFT की 9, KFT की 5 और लिपिड प्रोफाइल की 2 जांचें संपन्न हुईं।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, परिवार नियोजन, टीबी उन्मूलन, किशोर स्वास्थ्य और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी भी आमजन को दी।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोईवाला के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रताप सिंह रावत ने शिविर की सफलता पर सभी अधिकारियों, विशेषज्ञ चिकित्सकों, चिकित्सा अधिकारियों, नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आपसी समन्वय और सामूहिक प्रयासों से ही क्षेत्र की जनता को बेहतर और समय पर विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो पाईं।

Recent Comments