

हरिद्वार। दरगाह साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने गति तेज कर दी है। पिरान कलियर पहुंचकर समाज कल्याण एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री खजानदास और उत्तराखंड वक्फ बोर्ड अध्यक्ष शादाब शम्स ने दरगाह में चादर और फूल पेश कर अमन, भाईचारे, खुशहाली और तरक्की की दुआ की। इसके बाद दोनों ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर उर्स व्यवस्थाओं की प्रगति जानी और सभी इंतजाम समय से पूरा करने के निर्देश दिए। पिरान कलियर पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने खजानदास का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
समीक्षा के दौरान जायरीनों की सुविधा, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, साफ-सफाई और मेला क्षेत्र की अन्य अनिवार्य व्यवस्थाओं पर विशेष जोर दिया गया। खजानदास ने कहा कि उर्स में देश ही नहीं, विदेशों से भी बड़ी संख्या में जायरीन आते हैं, ऐसे में सुविधा और सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि उर्स/मेला शुरू होने से पहले सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करते हुए व्यवस्थाओं को पूरी तरह दुरुस्त कर लें। बाद में मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर मौके पर तैयारियों का जायजा लिया गया।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास और जनसुविधाओं को प्राथमिकता दे रही है तथा कलियर उर्स/मेले को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना सरकार की प्राथमिकता है। वक्फ बोर्ड अध्यक्ष शादाब शम्स ने भी अधिकारियों से तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली और स्पष्ट निर्देश दिए कि उर्स के दौरान आने वाले जायरीनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने दरगाह से संबंधित सभी सूचनाएं और रिपोर्ट समय पर उपलब्ध कराने पर बल दिया, ताकि मामलों की प्रभावी समीक्षा सुनिश्चित की जा सके।
बैठक और निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ, सीओ भगवानपुर सुमित पांडेय, तहसीलदार विकास अवस्थी, अनीस गॉड, शायर अफजल मंगलौरी, अजहर प्रधान, अकरम साबरी, शफक्कत अली, राव काले खां, बाबा उर्फ मुर्सलीन, शमीम मास्टर, राव शानी उर्फ सदाकत अली, अनीस कसार सहित भाजपा कार्यकर्ता और अन्य लोग मौजूद रहे।

Recent Comments