टीएचडीसी टनल हादसा: सीएम धामी ने अंदर जाकर लिया रेस्क्यू अभियान का जायजा, 3 लोगों की तलाश जारी

चमोली । मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने की घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को घटनास्थल पर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने मौके पर चल रहे राहत एवं बचाव अभियान का स्थलीय निरीक्षण किया और टनल के भीतर जाकर रेस्क्यू कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने बचाव अभियान में जुटी टीमों से सीधे जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

टीएचडीसी की विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना के तहत निर्माणाधीन टीआरटी टनल की लंबाई करीब तीन किलोमीटर है। टनल के लगभग 1.50 किलोमीटर हिस्से में भूधंसाव के कारण अचानक मलबा और पानी आने से हादसा हुआ। घटना के बाद से ही विभिन्न सुरक्षा एवं राहत एजेंसियों की टीमें लगातार रेस्क्यू अभियान में जुटी हुई हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि टनल में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अभियान में उपलब्ध सभी संसाधनों, आधुनिक उपकरणों और तकनीकी विशेषज्ञता का प्रभावी इस्तेमाल किया जाए। मुख्यमंत्री ने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस तथा अन्य बचाव दलों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को हादसे की परिस्थितियों और अब तक किए गए राहत एवं बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टनल में कुल 22 लोग फंसे थे, जिनमें से 19 लोगों को अब तक सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। शेष तीन लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। हादसे में अब तक सात लोगों की मृत्यु की सूचना है।

रेस्क्यू अभियान के दौरान बाहर निकाले गए घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर पहुंचाया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें घायलों के उपचार और उनकी स्वास्थ्य स्थिति की लगातार निगरानी कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के साथ उनके परिजनों को भी हरसंभव सहायता दी जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बचाव अभियान में जुटे सभी दल पूरी सावधानी और समन्वय के साथ कार्य करें। टनल के भीतर की परिस्थितियों को देखते हुए सुरक्षा मानकों का पूरा ध्यान रखते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने और आवश्यक संसाधनों की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री एवं प्रभारी मंत्री भरत चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, राज्य मंत्री हरक सिंह, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी, नगर पंचायत अध्यक्ष आरती नवानी, सभासद राजा जोशी, आपदा सचिव विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडेय, चंद्रशेखर वशिष्ठ सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बचाव दलों से जुड़े कार्मिक मौजूद रहे।

रेस्क्यू अभियान जारी है और प्रशासन की प्राथमिकता टनल में फंसे शेष तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments