

देहरादून: जनपद देहरादून में 19 और 20 अगस्त 2026 को प्रस्तावित VVIP कार्यक्रम के सफल व सुरक्षित संचालन को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम के दृष्टिगत मंगलवार को पुलिस लाइन देहरादून में अपर पुलिस महानिदेशक (लॉ एंड ऑर्डर) वी. मुरुगेशन, आईजी एसटीएफ नीलेश आनंद भरणे और आईजी गढ़वाल रेंज राजीव स्वरूप समेत अन्य उच्चाधिकारियों द्वारा सुरक्षा में तैनात पुलिस बल की ब्रीफिंग की गई। अधिकारियों ने सुरक्षा प्रबन्धों की समीक्षा करते हुए पूरी मुस्तैदी और सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के सख्त निर्देश दिए।
उच्चाधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात समस्त पुलिसकर्मियों को कार्यक्रम शुरू होने से ठीक 3 घंटे पहले अपने निर्धारित स्थल पर पहुँचने और प्रभारी अधिकारी से ड्यूटी का ब्यौरा लेने के निर्देश दिए हैं। नोडल अधिकारियों को अपने अधीन तैनात सादे और वर्दीधारी पुलिस बल के पहचान पत्र (ड्यूटी कार्ड) जांचने व उन्हें ब्रीफ करने को कहा गया है। यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि ड्यूटी पर तैनात कर्मी अपना पॉइंट छोड़कर एक स्थान पर एकत्र न हों और न ही ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग करें। बिना सूचना पॉइंट छोड़ने या लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

VVIP रूट और कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। रूट पर पड़ने वाली हाई-राइज बिल्डिंग्स में रहने वाले नागरिकों का 100% सत्यापन कराया जा रहा है। इसके अलावा बहुमंजिला इमारतों, पानी की टंकियों और फ्लाईओवर्स की बीडीएस (Bomb Disposal Squad) तथा डॉग स्क्वायड टीम द्वारा सघन चेकिंग कराई जा रही है। VVIP मार्ग और आसपास संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने के साथ ही मुख्य स्थल पर केवल अधिकृत व्यक्तियों और वाहनों को चेकिंग/फ्रिस्किंग के बाद ही प्रवेश की अनुमति होगी। सुरक्षा के लिहाज से VVIP भ्रमण के दौरान कार्यक्रम स्थल और आसपास के पूरे क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध (No-Fly Zone) लागू रहेगा।
इस ब्रीफिंग के दौरान डीआईजी लॉ एंड ऑर्डर धीरेंद्र गुंज्याल सहित अन्य राजपत्रित अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस कर्मचारी उपस्थित रहे।


Recent Comments