

रूट डायवर्जन को लेकर पुलिस ने जारी की एडवाइजरी, वैकल्पिक मार्गों का करें प्रयोग
देहरादून । जनपद देहरादून में 19 व 20 अगस्त को प्रस्तावित वीवीआईपी भ्रमण कार्यक्रम के मद्देनजर पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। 19 अगस्त को दोपहर एक बजे से साढ़े तीन बजे तक तथा 20 अगस्त को सुबह साढ़े आठ से साढ़े दस बजे और दोपहर बारह से तीन बजे तक शहर के प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्जन प्रभावी रहेगा।
पुलिस के अनुसार ऋषिकेश से देहरादून व मसूरी आने वाले वाहनों को रानीपोखरी, भोगपुर, थानो, छह नंबर पुलिया, सहस्त्रधारा क्रासिंग व सर्वे चौक होते हुए शहर में तथा आईटी पार्क, सांई मंदिर होते हुए मसूरी की ओर भेजा जाएगा। हरिद्वार से आने वाले वाहनों को भानियावाला फ्लाईओवर सर्विस लेन, डोईवाला चौक, दूधली मार्ग व कारगी चौक से शहर में प्रवेश दिया जाएगा, जबकि मसूरी जाने वालों को कारगी चौक, आईएसबीटी, शिमला बाईपास, जीएमएस रोड व कैंट होते हुए अनारवाला के रास्ते भेजा जाएगा। इसी तरह आशारोड़ी व प्रेमनगर क्षेत्र से मसूरी जाने वाले वाहन भी आईएसबीटी-शिमला बाईपास मार्ग से होकर गुजरेंगे।
देहरादून शहर से हरिद्वार व ऋषिकेश जाने वाले वाहनों को कारगी चौक, दूधली मार्ग, डोईवाला चौक व भानियावाला सर्विस लेन से गंतव्य की ओर भेजा जाएगा। वहीं मसूरी से हरिद्वार-ऋषिकेश जाने वाले वाहन जेपी बैंड, बार्लोगंज, कुठालगेट, सांई मंदिर व सहस्त्रधारा क्रासिंग होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। ईसी रोड, घंटाघर तथा हाथीबड़कला-दिलाराम क्षेत्र से मसूरी जाने वाले वाहनों के लिए भी अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
पुलिस ने भोगपुर तिराहा, भानियावाला फ्लाईओवर, दूधली रोड, कारगी चौक, शिमला बाईपास चौक, एनेक्सी तिराहा, सहस्त्रधारा क्रासिंग सहित बारह स्थानों को प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट के रूप में चिन्हित किया है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि निर्धारित रूट प्लान का पालन करें, मुख्य मार्गों व प्रतिबंधित स्थानों पर वाहन खड़ा न करें और यातायातकर्मियों के निर्देशों का पालन करते हुए धैर्य बनाए रखें। एंबुलेंस, पुलिस, फायर जैसी आपात सेवाओं तथा पेट्रोल, दूध, गैस व सब्जी जैसी आवश्यक सेवाओं के वाहनों को डायवर्जन से मुक्त रखा गया है। यातायात संबंधी अपडेट के लिए देहरादून पुलिस के सोशल मीडिया पेज फॉलो करने की सलाह भी दी गई है।

Recent Comments