

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के प्रतापपुर क्षेत्र में कार के भीतर मिले युवक के शव का मामला सड़क हादसा नहीं, बल्कि हत्या का निकला। पुलिस ने 48 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और दो किशोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पत्नी ने कथित प्रेम संबंध के चलते अपने पति की हत्या की साजिश रची थी।
17 अगस्त को प्रतापपुर क्षेत्र में सड़क किनारे धान के खेत में एक शिफ्ट डिजायर कार संदिग्ध अवस्था में मिली थी। कार के अंदर खून से लथपथ युवक का शव पड़ा था। पुलिस ने शव की पहचान बाजावाला, डकिया नंबर-1, कुंडेश्वरी निवासी संजीव कुमार पुत्र सोमल सिंह के रूप में की। प्रारंभ में मामला सड़क दुर्घटना का माना गया, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरी कहानी बदल दी।
पोस्टमार्टम में संजीव के शरीर पर गोली लगने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और मृतक की पत्नी निशा से पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, उसके बयानों में विरोधाभास मिलने के बाद शक गहरा गया।
जांच के दौरान पुलिस ने संजीव की ग्राम थारी, रामनगर स्थित टेंट की दुकान पर काम करने वाले दो किशोरों से पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों ने घटना से जुड़ी जानकारी दी और निशा की भूमिका का खुलासा किया। इसके बाद पुलिस ने निशा से पूछताछ की, जिसमें कथित तौर पर उसने साजिश में शामिल होने की बात स्वीकार की।
एसएसपी अजय गणपति के अनुसार, पुलिस जांच में सामने आया कि निशा का दोनों किशोरों में से एक के साथ कथित प्रेम प्रसंग था। आरोप है कि इसी संबंध के चलते पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई।
पुलिस के मुताबिक, 17 अगस्त को संजीव अपनी पत्नी और दोनों किशोरों के साथ जन्मदिन की पार्टी के लिए कार से निकला था। संजीव कार चला रहा था और दोनों किशोर पीछे बैठे थे। आरोप है कि इसी दौरान पीछे बैठे किशोर ने नजदीक से संजीव को गोली मार दी। इसके बाद कार को सुनसान स्थान पर सड़क किनारे खड़ा कर आरोपी वहां से फरार हो गए और घटना को सड़क हादसे का रूप देने का प्रयास किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त तमंचा, खोखे और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास और साजिश में किसी अन्य व्यक्ति की संभावित भूमिका की भी जांच कर रही है। एसएसपी ने मामले का शीघ्र खुलासा करने वाली पुलिस टीम की सराहना की।

Recent Comments