धामी सरकार युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, रोजगार देने वाला बना रही: विपुल मैंदोली

देहरादून। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विपुल मैंदोली ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार युवाओं को केवल रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला और प्रदेश के विकास का भागीदार बना रही है। शिक्षा, कौशल, रोजगार, स्वरोजगार, उद्यमिता और खेल हर क्षेत्र में युवाओं के लिए अवसरों का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है।

मैंदोली ने कहा कि राज्य में पहली बार ‘युवा आयोग’ का गठन सरकार की युवा केंद्रित सोच का ऐतिहासिक प्रमाण है। इस आयोग के जरिए युवाओं की समस्याओं, सुझावों और आकांक्षाओं को संस्थागत मंच मिला है। यह आयोग युवाओं की आवाज को नीति निर्माण से जोड़ेगा और उनकी प्रतिभा को विकास की मुख्यधारा में लाएगा।

पलायन रोकने के लिए पहाड़ों में ही रोजगार के अवसर सृजित करने की बात करते हुए उन्होंने बताया कि पौड़ी, चमोली और अल्मोड़ा में तीन नए औद्योगिक पार्क विकसित किए जा रहे हैं। इससे स्थानीय युवाओं को अपने क्षेत्रों में ही रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर मिलेंगे।

गरीब और सामान्य परिवारों के मेधावी बच्चों को आर्थिक अभाव के कारण पीछे न रहना पड़े, इसके लिए ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ के तहत 10 हजार विद्यार्थियों को निःशुल्क ऑनलाइन प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग दी जाएगी। इसके लिए 7 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

मैंदोली के अनुसार सरकार की नीति अब ‘नौकरी पाने’ से आगे बढ़कर ‘नौकरी देने’ वाली युवा शक्ति तैयार करने की है। 18 से 30 वर्ष के युवाओं को IIT-IIM जैसे संस्थानों से प्रशिक्षण और नया उद्यम शुरू करने के लिए बैंक ऋण पर 30 प्रतिशत सब्सिडी दी जा रही है।

राष्ट्रसेवा से लौटे अग्निवीरों के लिए भी सरकार ने विशेष व्यवस्था की है। ‘अग्निवीर सेल’ और सरकारी सेवाओं में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण के माध्यम से चार वर्ष की सेवा पूरी करने वाले अग्निवीरों को रोजगार, स्वरोजगार, कौशल प्रशिक्षण और करियर मार्गदर्शन से जोड़ा जा रहा है।

भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। नियमित परीक्षा कैलेंडर के साथ अब तक 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजनाओं के तहत 35 हजार से अधिक लाभार्थियों को 1389 करोड़ रुपये से अधिक के ऋण स्वीकृत कर करीब 64,966 स्थानीय रोजगार सृजित किए गए हैं।

खेल के क्षेत्र में भी युवाओं को प्रोत्साहन मिला है। खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों की पुरस्कार राशि में 30 से 100 प्रतिशत तक वृद्धि की गई है। 38वें राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी के साथ उत्तराखंड ने 103 पदक जीतकर देश में सातवां स्थान हासिल किया।

विपुल मैंदोली ने कहा कि धामी सरकार की युवा नीति का मूल मंत्र शिक्षा में अवसर, कौशल में मजबूती, रोजगार में पारदर्शिता, उद्यमिता में सहयोग और प्रतिभा को सम्मान है। युवा आयोग से लेकर औद्योगिक पार्क और निःशुल्क कोचिंग से लेकर उद्यमिता सब्सिडी तक के फैसले दिखाते हैं कि उत्तराखंड के भविष्य की नींव युवा शक्ति के सामर्थ्य पर रखी जा रही है।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments