

जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाने पर जोर
चमोली। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी) देहरादून की ओर से सीमांत जनपद चमोली में गुरुवार को ‘वार्तालाप’ एवं क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत बिष्ट, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, प्रेस क्लब संरक्षक क्रांति भट्ट और पीआईबी सहायक निदेशक संजीव सुन्द्रियाल ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यशाला में स्वास्थ्य, कृषि, मत्स्य पालन, महिला एवं बाल विकास, नशामुक्ति, स्वरोजगार, जीआई टैग और स्थानीय उत्पादों से जुड़ी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने योजनाओं की जानकारी दी, जबकि लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए। जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत बिष्ट ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम जनपद की बेहतरी के लिए लाभकारी हैं और इन्हें ब्लॉक स्तर तक आयोजित किया जाना चाहिए।
नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत ने कहा कि कई योजनाओं का पर्याप्त प्रचार-प्रसार न होने से लोग लाभ से वंचित रह जाते हैं। मीडिया के सहयोग से इन योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना आवश्यक है। प्रेस क्लब संरक्षक क्रांति भट्ट ने स्थानीय पत्रकारिता की चुनौतियों पर प्रकाश डाला, वहीं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने जनहितकारी पत्रकारिता की सराहना की।

पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने नशामुक्त भारत अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में 140 नारकोटिक्स किट वितरित किए गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव सिंह पाल ने राहगीर योजना, आयुष्मान योजना और जननी सुरक्षा योजना सहित स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की जानकारी दी। खाद्य पूर्ति अधिकारी अंकित पांडेय ने ई-20 पेट्रोल के लाभ बताए, जबकि जिला कार्यक्रम अधिकारी हिमांशु बडोला ने नंदा गौरा योजना पर जानकारी दी। मत्स्य विभाग के नितेश कुमार चंद्र ने ट्राउट मछली उत्पादन और रोजगार संभावनाओं पर चर्चा की।
जिला समाज कल्याण अधिकारी धनंजय लिंगवाल ने नशामुक्ति केंद्र और काउंसलिंग व्यवस्था पर जानकारी दी। उद्यान अधिकारी नितेन्द्र सिंह ने मशरूम और कीवी की खेती को बढ़ावा देने और स्थानीय उत्पादों को जीआई टैग दिलाने की प्रक्रिया पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के आयोजक संजीव सुन्द्रियाल ने कहा कि चमोली में ‘वार्तालाप’ कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र सरकार की योजनाओं की प्रामाणिक जानकारी मीडिया के माध्यम से दूरस्थ गांवों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि स्थानीय मीडिया सरकार और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी है और इसके जरिए योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना संभव होगा।

Recent Comments