

नेहरू कॉलोनी पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी पर नैनीताल में पहले से 4 अन्य मुकदमे
देहरादून। शादी डॉट कॉम पर मिले एक युवक ने निजी अस्पताल में कार्यरत एक नर्सिंग स्टाफ को अपने जाल में फंसाकर न सिर्फ शादी का झांसा दिया, बल्कि स्वास्थ्य विभाग में नौकरी लगवाने के नाम पर 32 लाख रुपये भी ठग लिए। मामले में नेहरू कॉलोनी थाने में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी चारू चंद्र जोशी ने पीड़िता से व्यक्तिगत धोखाधड़ी की है और इसका किसी भर्ती परीक्षा या पेपर लीक से कोई लेना-देना नहीं है।
पीड़िता ने 17 अगस्त 2026 को नेहरू कॉलोनी थाने में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि वह एक निजी अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के पद पर कार्यरत है। उसकी शादी डॉट कॉम के माध्यम से चारू चंद्र जोशी से मुलाकात हुई थी। जोशी ने स्वयं को स्वास्थ्य विभाग में ड्रग इंस्पेक्टर बताया और उच्चाधिकारियों से संपर्क में होने का झूठा दावा किया। इसके बाद उसने पीड़िता से शादी करने और उसे स्वास्थ्य विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर विभिन्न तारीखों में लगभग 32 लाख रुपये ले लिए।
पीड़िता की शिकायत पर थाना नेहरू कॉलोनी में मु0अ0सं0-331/26, धारा 318(4) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने पीड़िता और आरोपी के बीच हुए वित्तीय लेन-देन, बैंक खातों और आरोपी के कथित संपर्कों की गहन जांच की। जांच में प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट हुआ है कि आरोपी ने नौकरी दिलाने का झूठा आश्वासन देकर पीड़िता के साथ व्यक्तिगत धोखाधड़ी की है।
पुलिस जांच में आरोपी के किसी भी परीक्षा एजेंसी या चयन प्रक्रिया से जुड़े व्यक्तियों से संपर्क में होने के कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं। प्रश्न पत्र लीक या संगठित गड़बड़ी से जुड़े कोई सबूत भी हाथ नहीं लगे हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह प्रकरण पूरी तरह व्यक्तिगत धोखाधड़ी से जुड़ा है और इसे किसी भर्ती परीक्षा की सूचिता से जोड़ना उचित नहीं है।
विवेचना के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपी चारू चंद्र जोशी के विरुद्ध जनपद नैनीताल में पहले से धोखाधड़ी के तीन अभियोग और दुष्कर्म का एक अभियोग पंजीकृत है। जोशी पर नैनीताल में भी नौकरी लगाने का झूठा आश्वासन देकर लोगों के साथ धोखाधड़ी करने और उनका शारीरिक शोषण करने के आरोप हैं।
पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है।

Recent Comments