पीजी-हॉस्टलों में हुड़दंग पर पुलिस सख्त, पढ़ाई के नाम पर मनमानी नहीं चलेगी

देहरादून। प्रेमनगर क्षेत्र में पीजी और हॉस्टलों में रहने वाले छात्र-छात्राओं की गतिविधियों पर नजर रखने तथा आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने देर रात व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर 20 अगस्त की देर रात पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमों ने क्षेत्र के विभिन्न पीजी और हॉस्टलों में आकस्मिक निरीक्षण किया।
चेकिंग के दौरान पुलिस टीमों ने हॉस्टल एवं पीजी संचालकों से वहां रहने वाले छात्र-छात्राओं की जानकारी ली और सभी का शत-प्रतिशत सत्यापन कराने के निर्देश दिए। संचालकों को प्रतिष्ठानों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाने, रात्रि 10 बजे के बाद छात्र-छात्राओं के प्रवेश पर निगरानी रखने तथा बाहरी व्यक्तियों को सत्यापन के बाद ही परिसर में प्रवेश देने के निर्देश दिए गए। आने-जाने वाले व्यक्तियों का पूरा विवरण भी सुरक्षित रखने को कहा गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि पढ़ाई की आड़ में हुड़दंग, नशे का सेवन अथवा किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसी छात्र या छात्रा के आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही पीजी अथवा हॉस्टल संचालक की जिम्मेदारी तय करते हुए उसके विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने संचालकों को बिना सत्यापन किसी छात्र-छात्रा को पीजी या हॉस्टल में रखने से बचने की सख्त हिदायत दी। साथ ही रात्रि में छात्र-छात्राओं के अनावश्यक रूप से बाहर घूमते पाए जाने या नशीले पदार्थों के सेवन से संबंधित शिकायत मिलने पर भी संबंधित छात्र के साथ प्रतिष्ठान संचालक के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
अभियान के दौरान चार हॉस्टलों में अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित संचालकों को नोटिस जारी किए गए। पुलिस ने उन्हें निर्धारित समयसीमा के भीतर कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। वहीं, देर रात अनावश्यक रूप से घूमते मिले चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने लाया गया।
पुलिस ने कहा कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा, शैक्षणिक माहौल बनाए रखने और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए पीजी व हॉस्टलों की चेकिंग आगे भी जारी रहेगी।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments