

अत्यधिक वर्षा से क्षतिग्रस्त हुआ मार्ग, एसडीएम ने धारा 163 के तहत जारी किए आदेश
देहरादून/मसूरी। मानसूनी बरसात के चलते देहरादून-मसूरी मार्ग पर पानीवाला बैंड के पास पूर्व में निर्मित सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो गई है। यह दीवार अत्यधिक वर्षा के कारण कमजोर पड़ गई, जिससे इस संवेदनशील मार्ग पर आमजन की यातायात सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है।
इसको लेकर उप जिला मजिस्ट्रेट (एसडीएम) मसूरी ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 की धारा 163 के अंतर्गत त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। यह प्रतिबंध अग्रिम आदेशों तक जारी रहेगा।
प्रशासन के अनुसार, संबंधित विभाग ने क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया है ताकि यातायात बहाली के साथ-साथ लोगों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सके। हालांकि, वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) ने आम जनमानस से विशेष अपील की है।
प्राधिकरण ने लोगों से अनुरोध किया है कि भारी वर्षा के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। यदि यात्रा अत्यंत आवश्यक हो तो मार्ग एवं मौसम की स्थिति की पूर्व जानकारी अवश्य प्राप्त करें। भूस्खलन वाले क्षेत्रों और क्षतिग्रस्त मार्गों पर विशेष सावधानी बरतें तथा प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी यातायात निर्देशों का पालन करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कोई भी नागरिक अपनी जान जोखिम में डालकर यात्रा न करें, बल्कि सुरक्षा को ही सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

Recent Comments