आढ़त बाजार का निर्माण पूरा, सितंबर तक होगा प्लॉट आवंटन

विधायक विनोद चमोली व एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने किया निरीक्षण, पार्किंग शुल्क व एनएचएआई से समन्वय के दिए निर्देश

देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा निर्मित नवीन आढ़त बाजार का काम पूरा हो गया है। धर्मपुर विधायक विनोद चमोली और एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने सोमवार को बाजार पहुँचकर विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को भूखंडों की आवंटन प्रक्रिया सितंबर माह तक हर हाल में पूरी करने के सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान प्राधिकरण की टीम ने बाजार में चल रही प्रगति की विस्तृत जानकारी दी। विधायक श्री चमोली ने एमडीडीए के कार्यों पर संतोष जताते हुए कहा कि बाजार के व्यवस्थित विकास से स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएँ मिलेंगी। उन्होंने कहा, “आवंटन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सितंबर तक सभी पात्रों को लाभ मिलना चाहिए।”

इस अवसर पर पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी गहन चर्चा हुई। विधायक ने अधिकारियों को बाजार में पार्किंग शुल्क निर्धारित करने के निर्देश दिए, लेकिन साथ ही स्पष्ट किया कि आसपास रहने वाले स्थानीय लोगों के लिए पार्किंग नि:शुल्क रखी जाए, ताकि आम जनता पर अतिरिक्त बोझ न पड़े।

बाजार के आसपास यातायात की सुगमता को देखते हुए विधायक ने अधिकारियों को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आढ़त बाजार और आसपास के क्षेत्र को इस तरह विकसित किया जाए कि वहाँ यातायात सुचारु बना रहे और व्यापारियों को परिवहन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि आढ़त बाजार का विकास प्राधिकरण की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा, “हम निर्धारित समयसीमा में सभी कार्य पूरे करेंगे। पार्किंग, यातायात और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों से समन्वय किया जाएगा।”

एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि निरीक्षण के दौरान दिए गए सभी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को पत्राचार कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि आवंटन प्रक्रिया को सितंबर तक अंतिम रूप देने के साथ ही पार्किंग और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments