मासिक अपराध गोष्ठी में एसएसपी दून के कड़े तेवर, लापरवाह अधिकारियों को चेतावनी

देहरादून । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने पुलिस कार्यालय में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि कर्तव्यों के प्रति उदासीनता और लापरवाही किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे मामलों में विभागीय कार्यवाही के साथ-साथ थाना प्रभारी और पर्यवेक्षण अधिकारी की जवाबदेही भी तय की जाएगी।

गोष्ठी में आगामी चुनावों, त्यौहारों और पर्यटक सीजन के दृष्टिगत अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की गई। एसएसपी ने निर्देश दिए कि चुनाव से संबंधित सभी तैयारियां समय से पूर्ण की जाएं और आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों के विरुद्ध गुंडा एक्ट तथा गैंगस्टर एक्ट के तहत प्रभावी निरोधात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि संगठित अपराधियों की अवैध संपत्ति को चिन्हित कर जब्तीकरण की कार्रवाई भी की जाए।

महिला, बुजुर्ग और बच्चों से संबंधित शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं होगी और अनावश्यक रूप से प्रार्थना पत्र लंबित रखने वाले पुलिसकर्मियों पर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।

जघन्य अपराधों में त्वरित कार्रवाई और न्यायालय में मजबूत पैरवी पर विशेष जोर दिया गया। एसएसपी ने कहा कि घटना से जुड़े सभी साक्ष्यों का समय पर संकलन और आरोपपत्र न्यायालय को भेजना सुनिश्चित किया जाए।

सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सभी थाना क्षेत्रों में नियमित चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। रैश ड्राइविंग, ओवरस्पीडिंग, ड्रंक एंड ड्राइव और ओवरलोडिंग करने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई करने को कहा गया। पीक आवर्स और स्कूल टाइमिंग के दौरान पुलिस की विजिबिलिटी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

वांछित और इनामी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित करने और सर्विलांस सहित सभी संभावित माध्यमों से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने चेतावनी दी कि अनावश्यक रूप से विवेचना लंबित रखने वाले अधिकारियों पर विभागीय कार्यवाही होगी।

भूमि धोखाधड़ी और मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस के तहत संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इस अपराध गोष्ठी में एसएसपी के कड़े तेवर साफ झलकते हैं कि अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments