

‘शुद्धिकरण’ प्रकरण पर प्रदेशभर में विरोध की लहर; 1 सितंबर को सचिवालय घेराव का ऐलान, पुलिस पर निष्पक्ष जांच का दबाव
देहरादून। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी रैली के बाद सार्वजनिक मंच के कथित ‘शुद्धिकरण’ के विवादास्पद प्रकरण को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस ने आज पूरे प्रदेश में एक साथ मोर्चा खोल दिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देश पर जिलाध्यक्षों, महानगर अध्यक्षों, नगर अध्यक्षों एवं ब्लॉक अध्यक्षों के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों की कोतवालियों, थानों और पुलिस रिपोर्टिंग चौकियों में पहुंचकर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने की मांग को लेकर लिखित तहरीर सौंपी। कांग्रेस ने इस पूरे प्रकरण में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की भूमिका की जांच की भी मांग की है।
गौरतलब है कि दिनांक 8 अगस्त 2026 को हल्द्वानी में खड़गे जी की रैली संपंन्न होने के उपरांत कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा मंच का कथित रूप से ‘शुद्धिकरण’ किए जाने की घटना सामने आई थी। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि किसी भी लोकतांत्रिक एवं धर्मनिरपेक्ष समाज में किसी व्यक्ति अथवा राजनीतिक दल के नेता की उपस्थिति के बाद सार्वजनिक मंच का ‘शुद्धिकरण’ करना न केवल सामाजिक सौहार्द के विरुद्ध है, बल्कि यह संविधान की मूल भावना और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का भी अपमान है।
कांग्रेस ने इस मामले में पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाया है। पार्टी का कहना है कि घटना के संबंध में पर्याप्त समय बीत जाने के बावजूद पुलिस द्वारा अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई है। इसी के विरोध में आज प्रदेशभर में कांग्रेस संगठन ने पुलिस प्रशासन को तहहरीर सौंपकर संबंधित असामाजिक तत्वों तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की भूमिका की जांच करते हुए कानून के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई एवं मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि कानून का शासन सभी के लिए समान होना चाहिए। यदि किसी व्यक्ति अथवा राजनीतिक दल के नेता के विरुद्ध आपत्तिजनक अथवा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली गतिविधि के संबंध में शिकायत प्राप्त होती है तो पुलस को राजनीतिक दबाव से मुक्त होकर निष्पक्ष जांच करनी चाहिए। पार्टी ने पुलिस प्रशासन को साफ चेतावनी दी है कि यदि तहरीरों पर नियमानुसार कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपने आंदोलन को आगे बढ़ाएगी।
प्रदेश कांग्रेस ने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी सामाजिक समरसता, धर्मनिरपेक्षता और संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है तथा समाज में किसी भी प्रकार की नफरत, भेदभाव और राजनीतिक वैमनस्य को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करती रहेगी। पार्टी ने इसे भाजपा की ‘भेदभाव वाली मानसिकता’ का शुद्धिकरण करने की जरूत बताते हुए पूरे प्रकरण को लोकतंत्र और धर्मनिरपेक्षता पर हमले के रूप में पेश किया है।
सूत्रों के मुताबिक, इस गंभीर प्रकरण के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष गणेश गोदियाल एवं प्रदेशभर के कांग्रेस जनता द्वारा लगातार आवाज उठाई जा रही है। इसी क्रम में प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के निर्देश पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय से दिनांक 01 सितंबर 2026, समय: प्रातः 10:30 बजे सचिवालय घेराव किए जाने का कार्यक्रम तय किया गया है।

Recent Comments