

देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में जमैका में भारत के उच्चायुक्त मयंक जोशी, इथियोपिया में भारत के राजदूत देवेश उत्तम और जाम्बिया में भारत के उच्चायुक्त आलोक रंजन झा से भेंट की। बैठक में संबंधित देशों में रोजगार की संभावनाओं, कुशल मानव संसाधन की आवश्यकता और उत्तराखंड के युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में इन देशों में रोजगार की अधिक संभावनाएं हैं और जहां कुशल मानव संसाधन की जरूरत है, उनकी जानकारी हासिल करने के लिए भारतीय मिशनों के साथ नियमित समन्वय रखा जाए। उन्होंने कहा कि विदेशों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों और वहां की जरूरत के अनुरूप राज्य के युवाओं को कौशल एवं आवश्यक भाषा प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि उन्हें वैश्विक स्तर पर बेहतर रोजगार के अवसर मिल सकें।
सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड में होम स्टे के क्षेत्र में सराहनीय कार्य हुए हैं। विभिन्न देशों से आने वाले प्रतिनिधिमंडलों को राज्य के होम स्टे मॉडल से परिचित कराने के लिए होम स्टे का भ्रमण कराया जा सकता है। उन्होंने फार्मा, उद्योग, आयुर्वेद और वेलनेस के क्षेत्रों में राज्य की विशेषताओं और संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने के लिए प्रभावी प्रयास करने पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि राज्य के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। उन्हें वैश्विक मांग के अनुरूप कौशल और प्रशिक्षण देकर रोजगार के बेहतर अवसरों से जोड़ा जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को विभिन्न देशों में कुशल मानव संसाधन की मांग और रोजगार संभावनाओं का आकलन कर युवाओं के प्रशिक्षण के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।

जाम्बिया के उच्चायुक्त आलोक रंजन झा ने बताया कि जाम्बिया में कुशल मानव संसाधन की व्यापक जरूरत है। शिक्षा और कृषि क्षेत्र में वहां काम करने की अनेक संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में कुशल मानव संसाधन की आवश्यकता है, उनके बारे में राज्य सरकार को विस्तृत नोट उपलब्ध कराया जाएगा और इस दिशा में हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
जमैका के उच्चायुक्त मयंक जोशी ने कहा कि जमैका में पर्यटन, स्वास्थ्य सेवा और कृषि क्षेत्र में काम के कई अवसर हैं। विशेष रूप से नर्सिंग क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन की मांग है। इन क्षेत्रों की जरूरत के अनुरूप युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ा जा सकता है।
इथियोपिया के राजदूत देवेश उत्तम ने बताया कि इथियोपिया में प्रबंधन और लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में काम करने की अच्छी संभावनाएं हैं। फार्मास्युटिकल और फ्लोरीकल्चर क्षेत्र में भी बेहतर अवसर उपलब्ध हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। विदेशों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों का लाभ उत्तराखंड के युवाओं को मिले, इसके लिए संबंधित देशों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जाए। भारतीय मिशनों के साथ समन्वय बनाकर विदेशों में उपलब्ध रोजगार की जानकारी युवाओं तक पहुंचाने और उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण देने का काम सुनियोजित तरीके से किया जाए।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु और सचिव विनय शंकर पांडेय उपस्थित थे।

Recent Comments