

देहरादून। एसएसपी देहरादून की सटीक रणनीति के तहत नशा तस्करों पर शिकंजा कसते हुए थाना राजपुर और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने जंगल मंगल तिराहा पुरकुल रोड के पास से 259 ग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 80 लाख रुपये आंकी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत सभी थानों को नशा तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में 02 सितंबर की रात चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अभियुक्त रशीद को दबोचा। उसके खिलाफ थाना राजपुर में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह एमडीडीए कॉलोनी केदारपुरम का रहने वाला है और शहर में सब्जी की ठेली लगाता है। जल्द पैसा कमाने के लालच में वह स्मैक मिर्जापुर सहारनपुर उत्तर प्रदेश निवासी एक तस्कर से लाया था, जिसे वह स्थानीय तस्करों को महंगे दामों पर बेचने की फिराक में था। पुलिस रिकॉर्ड में अभियुक्त पहले भी मादक पदार्थ तस्करी में जेल जा चुका है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रशीद पुत्र शमशाद (52) निवासी एमडीडीए कॉलोनी केदारपुरम के रूप में हुई है।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष राजपुर पीडी भट्ट, चौकी प्रभारी कुठाल गेट प्रवीण सैनी, कांस्टेबल अमित, मोहित और एएनटीएफ के कांस्टेबल गौरव शामिल रहे।

Recent Comments