

देहरादून। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता सुरेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार 13 जिलों में मेडिकल शिक्षा के विस्तार के लिए प्रतिबद्धता से काम कर रही है।
जोशी ने स्पष्ट किया कि रुद्रपुर और पिथौरागढ़ राजकीय मेडिकल कॉलेज स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजनाएं हैं। सरकार का लक्ष्य है कि इसी शैक्षिक सत्र में दोनों कॉलेजों में एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू हो। इसके लिए एनएमसी और केंद्रीय स्तर पर पैरवी की जा रही है तथा फैकल्टी, पाठ्यक्रम और बुनियादी ढांचे को दुरुस्त करने का काम युद्ध स्तर पर जारी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने लंबे कार्यकाल में मेडिकल शिक्षा के विस्तार के लिए कोई ठोस पहल नहीं की। जिस कांग्रेस के समय स्वास्थ्य ढांचा बदहाल था, वह आज छात्रों के भविष्य को लेकर राजनीतिक दिखावा कर रही है। धामी सरकार का प्रयास केवल इमारतें खड़ी करना नहीं, बल्कि पारदर्शी और मजबूत चिकित्सा शिक्षा ढांचा विकसित करना है। मेधावी युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।
जोशी ने कहा कि विपक्ष को हर विकास कार्य में राजनीति दिखती है। जिन मेडिकल कॉलेजों से युवाओं को डॉक्टर बनने के अवसर मिलेंगे, उन पर कांग्रेस भ्रम फैला रही है। जनता इस नकारात्मक एजेंडे को पहचान चुकी है।

Recent Comments