

पौड़ी। उत्तरांचल फेडरेशन ऑफ मिनिस्टीरियल सर्विसेज एसोसिएशन, उत्तराखंड की प्रांतीय कार्यकारिणी के आह्वान पर सोमवार को जनपद पौड़ी में निर्धारित आंदोलन कार्यक्रम के तहत विभिन्न विभागों में गेट मीटिंग एवं विरोध स्वरूप काला फीता धारण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान संभागीय परिवहन कार्यालय, आयुर्वेदिक एवं यूनानी कार्यालय तथा होम्योपैथिक कार्यालय पौड़ी में भ्रमण कर कार्मिकों से संपर्क किया गया। वहीं श्रीनगर एवं कोटद्वार में भी विभिन्न विभागों में कार्यक्रम आयोजित कर कार्मिकों ने आंदोलन के प्रति अपनी एकजुटता व्यक्त की।
कार्यक्रम में पुरानी पेंशन बहाली, गोल्डन कार्ड की विसंगतियों का समाधान एवं मिनिस्टीरियल कार्मिकों की अन्य लंबित मांगों को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित किया गया। कार्मिकों ने काला फीता धारण कर अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की।
गढ़वाल मंडल अध्यक्ष रेवती नंदन डंगवाल ने कहा कि उत्तराखंड के सभी विभागों में आज प्रांतीय कार्यकारिणी के आह्वान पर काला फीता धारण एवं गेट मीटिंग कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित हुआ। प्रदेशभर के मिनिस्टीरियल कार्मिकों ने एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की है। उन्होंने कहा कि कार्मिकों की यह एकजुटता आगामी आंदोलन को और मजबूती प्रदान करेगी।
संरक्षक संजय नेगी ने कहा कि गोल्डन कार्ड सहित अन्य लंबित मांगों पर सरकार की ओर से अभी तक कोई ठोस एवं सकारात्मक पहल नहीं हुई है। सरकार की उदासीनता के कारण मिनिस्टीरियल कार्मिकों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।
जनपद अध्यक्ष सीताराम पोखरियाल ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली पर सरकार की चुप्पी ठीक नहीं है। उत्तराखंड में जनपद पौड़ी सदैव जनआंदोलनों की भूमि रहा है। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली सहित कार्मिकों की न्यायोचित मांगों को लेकर जनपद पौड़ी के मिनिस्टीरियल कार्मिक आगामी सभी आंदोलनात्मक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करेंगे। उन्होंने कहा कि कार्मिक हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और मांगों के समाधान तक संघर्ष जारी रहेगा।
जनपदीय सचिव दीपक गोड़ियाल ने कहा कि कल से प्रत्येक विभाग के लिए सचल दल गठित किए गए हैं। सचल दल विभिन्न विभागों में आंदोलन कार्यक्रम की स्थिति एवं कार्मिकों की सहभागिता का जायजा लेंगे तथा प्रत्येक विभाग की प्रतिदिन समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि आंदोलन के प्रत्येक कार्यक्रम को प्रभावी एवं सफल बनाने के लिए संगठन पूरी गंभीरता के साथ कार्य करेगा।
कार्यक्रम में रेवती नंदन डंगवाल, संजय नेगी, सीताराम पोखरियाल, दीपक गोड़ियाल, डी.सी. पुरोहित, संदीप भट्ट, करिश्मा, शंकर चौहान, उद्देश सिंह, कंचन, हेमंत पुरोहित सहित बड़ी संख्या में मिनिस्टीरियल कार्मिक उपस्थित रहे।

Recent Comments