“हैट्रिक का मूल मंत्र: बूथ-बूथ जाकर विश्वास को वोट में बदलो!” – राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दिया दो तिहाई का फॉर्मूला, इस बार ‘शक्ति केंद्र’ आधारित चुनावी रणनीति का ऐलान

मंडल के बजाय शक्ति केंद्र आधारित रणनीति से चुनाव में उतरेगी भाजपा; बलूनी बोले — तीसरी जीत पर ही आएगा उत्तराखंड में भाजपा का स्वर्णिमकाल

हल्द्वानी/देहरादून । भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश पदाधिकारी एवं विस्तारित कार्यसमिति बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नवीन ने उत्तराखंड में आगामी चुनाव में ऐतिहासिक हैट्रिक लगाते हुए दो तिहाई बहुमत की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। इसके लिए उन्होंने विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी उपलब्धियों को आधार बनाते हुए नकारात्मक राजनीति का कड़ा प्रतिकार करने का मूल मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि जिस तरह देश और प्रदेश में समाज को विभाजित करने की मंशा से कांग्रेस राजनीति कर रही है, उसका हमें लोकतांत्रिक तरीके से करारा जवाब देना है। भाजपा की सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की विचारधारा वाले समर्पित कार्यकर्ताओं के रहते कोई भी सनातन संस्कृति और देवभूमि की साख को बदनाम नहीं कर सकता।

‘छद्म राजनीति की पोल खोलनी होगी’

नवीन ने स्पष्ट किया कि जो लोग चुनावी मैदान में भाजपा से जीत नहीं सकते, वे अब छद्म और षड्यंत्रकारी राजनीति का सहारा ले रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर उनकी इस राजनीति का पर्दाफाश करेंगे और विकास व सकारात्मक मुद्दों को प्रमुखता से आगे रखेंगे। उन्होंने कहा कि हमें केंद्र व राज्य की डबल इंजन सरकार द्वारा किए गए ऐतिहासिक विकास कार्यों और साहसिक निर्णयों के दम पर जनता का विश्वास जीतना है।

‘वंदे मातरम’ पर विपक्ष पर निशाना

नवीन ने ‘वंदे मातरम’ को राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक बताते हुए विपक्ष पर निशाना साधा कि जो लोग समाज को जातियों में बांटने की राजनीति कर रहे हैं, वही तुष्टीकरण के लिए राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगीत आजादी की लड़ाई का मूल मंत्र और स्वतंत्र भारत का स्वाभिमान रहा है, जो ‘विकसित भारत’ के निर्माण में भी अहम भूमिका निभाएगा।

घर-घर जनसंपर्क ही विजय की कुंजी

जनता के भाजपा पर विश्वास को वोट में बदलने के लिए घर-घर जनसंपर्क का मूल मंत्र विस्तार से समझाते हुए नवीन ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार के शानदार कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनता का पूर्ण विश्वास भाजपा के साथ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनता ने भाजपा के पक्ष में मन बना लिया है, अब कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे घर-घर जाकर अपनी सक्रियता से इस जनसमर्थन को वोटों में तब्दील करें।

इस बार मंडल के बजाय ‘शक्ति केंद्र’ की रणनीति

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बैठक की जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नवीन के निर्देश पर तय किया गया कि इस बार मंडल के स्थान पर शक्ति केंद्र आधारित रणनीति के साथ चुनाव में जाएगी। इसी तरह मोर्चा की भूमिका को अधिक बढ़ाते हुए उनसे मंडल एवं शक्ति केंद्र स्तर पर संगठन को सक्रिय करने को कहा गया है। साथ ही जो पूर्व में तीन बार के पदाधिकारी एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता वर्तमान में किसी पद पर नहीं हैं, उन्हें भी चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा बनाया जाएगा। बैठक में तय किया गया कि इस बार के विधानसभा चुनाव में हैट्रिक लगाने के साथ-साथ दो तिहाई बहुमत हासिल करने की दृष्टि से रणनीति बनाई जाएगी।

‘तब आएगा उत्तराखंड में भाजपा का स्वर्णिमकाल’

राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी ने कार्यसमिति को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के नेतृत्व में हमारी सरकार शानदार कार्य कर रही है। सरकार के सभी कार्य राज्य के संवर्धन और विकास के लिए हैं। हम विश्वास के साथ कह सकते हैं कि जिस राज्य को अटल जी ने बनाया, हमारी सरकारें प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में उसे विकसित राज्य बना रही हैं। विपक्ष की सरकारों के विपरीत भाजपा की हर सरकार — चाहे नित्यानंद सरकार हो, खंडूरी-निशंक हों, त्रिवेंद्र हों या अब धामी जी की सरकार — लगातार उत्तराखंड को विकास की नई-नई आयामों पर ले जा रही है। विकास को लेकर दिल्ली-देहरादून की दूरी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पहले 7 से 8 घंटे लगते थे, अब दो से तीन घंटे लगते हैं, इसकी पहले कोई कल्पना भी नहीं कर सकता था। उन्होंने गृहमंत्री श्री अमित शाह के उस बयान का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि भाजपा का स्वर्णिम काल अभी आना बाकी है। ठीक उसी तरह उत्तराखंड में भी भाजपा का स्वर्णिम काल तब आएगा, जब हम तीसरी बार रिकॉर्ड बहुमत से चुनाव जीतकर सरकार बनाएंगे।

‘बूथ-बूथ जाकर मोदी के हाथ मजबूत करें’

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि अटल जी के बनाए उत्तराखंड को संवारने का कोई काम यदि कर रहा है, तो वह प्रधानमंत्री मोदी हैं। वे एक अभिभावक की तरह राज्य के विकास, जनता के कल्याण और दुख-तकलीफों की चिंता करते हैं। प्रदेश में आई किसी भी संकट की घड़ी में मोदी जी पर जनता को बड़ा सहारा रहता है। केदारनाथ आपदा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मोदी ने अन्य राज्य का मुख्यमंत्री होने के बावजूद संकट की घड़ी में मदद के हाथ बढ़ाए थे। शायद उसे देखते हुए ही बाबा ने उन्हें देश संवारने की जिम्मेदारी दी, जिसमें वह सौ फीसदी सफल हो रहे हैं। अब प्रदेश में चुनाव सामने है, लिहाजा मोदी जी के हाथों को मजबूत करने और विकसित उत्तराखंड के निर्माण के लिए एक बार फिर हम सब कार्यकर्ता बूथ-बूथ जाकर चुनाव जितवाने की जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे।

‘राज्य के इतिहास की सबसे बड़ी जीत दर्ज करेगी भाजपा’

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि आज हम सब 2027 में प्रचंड बहुमत से हैट्रिक लगाने के संकल्प के लिए एकत्र हुए हैं। यह सब संभव होगा देवतुल्य कार्यकर्ताओं की क्षमता, ताकत और समर्पण से। हमारे पास दुनिया का सबसे लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री मोदी हैं, राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नवीन जैसे चुनावी प्रबंधक एवं रणनीतिकार हैं और प्रदेश में मुख्यमंत्री धामी का लोकप्रिय मार्गदर्शन है। ऐसे में अब हमारा एक ही लक्ष्य है — 2027 में प्रचंड बहुमत की सरकार बनाना, ऐसी विजय जो राज्य के इतिहास में कभी नहीं हुई हो। जिसके लिए आने वाले महीनों में हमें हर वर्ग, हर जाति, हर समुदाय, हर क्षेत्र में घर-घर जनता का आशीर्वाद लेने जाना है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश एवं केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच ले जाने में प्रत्येक कार्यकर्ता चलता-फिरता रिपोर्ट कार्ड बनेगा। हमें झूठ, भ्रम, अफवाह, जातिवाद, क्षेत्रवाद जैसी नकारात्मक राजनीति करने वालों को लोकतांत्रिक तरीके से करारा जवाब देना है। हमें पूर्व की कांग्रेस सरकारों और भाजपा सरकारों में हुए विकास का तुलनात्मक पहलू जनता के बीच रखकर सकारात्मक राजनीति करनी है। विपक्ष की बंटवारे और षड्यंत्रकारी राजनीति का पर्दाफाश करते हुए रोजगार, विकास, महिला, किसान एवं जनकल्याण के मुद्दों पर जनता का विश्वास अर्जित करना है।

बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर धामी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तीरथ सिंह रावत, राष्ट्रीय मीडिया संयोजक अनिल बलूनी, प्रदेश सहप्रभारी श्रीमती रेखा वर्मा, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, श्रीमती दीप्ति रावत, तरुण बंसल समेत प्रदेश पदाधिकारी, जिला प्रभारी एवं सहप्रभारी उपस्थित रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments