

देहरादून। ग्राफिक एरा हॉस्पिटल एवं ग्राफिक एरा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में ऑर्थोपेडिक्स और मस्कुलोस्केलेटल इमेजिंग के क्षेत्र के विशेषज्ञों का दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन ‘ऑर्थोराडिकॉन 2026’ 12 सितंबर से शुरू होगा। यह कार्यक्रम 12 और 13 सितंबर को आयोजित किया जाएगा।
रेडियोडायग्नोसिस विभाग के डायरेक्टर डॉ. गोपेश गुप्ता और ऑर्थोपेडिक्स के वरिष्ठ कंसल्टेंट डॉ. विशाल गुप्ता ने बताया कि इस सम्मेलन में देशभर के प्रमुख ऑर्थोपेडिक सर्जन और मस्कुलोस्केलेटल रेडियोलॉजिस्ट एक मंच पर जुटेंगे। दोनों विशेषज्ञों ने कहा कि कार्यक्रम में अस्थि-संबंधी रोगों के निदान, इमेजिंग तकनीकों और आधुनिक उपचार पद्धतियों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा की जाएगी।
उन्होंने बताया कि ऑर्थोराडिकॉन 2026 का उद्देश्य ऑर्थोपेडिक्स और रेडियोलॉजी के क्षेत्र में नवीनतम शोध, तकनीकी प्रगति और नैदानिक अनुभवों को साझा करना है। इस दो दिवसीय आयोजन में वैज्ञानिक सत्र, व्याख्यान और विशेषज्ञों के बीच अनुभव आदान-प्रदान के अवसर उपलब्ध होंगे, जिससे चिकित्सकों को मरीजों के बेहतर उपचार में सहायता मिलेगी।
ग्राफिक एरा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में होने वाले इस सम्मेलन से चिकित्सा क्षेत्र के प्रोफेशनल्स को अत्याधुनिक ज्ञान और तकनीकों से अवगत होने का मौका मिलेगा। आयोजकों का कहना है कि इस कार्यक्रम से क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर ऑर्थोपेडिक एवं इमेजिंग सेवाओं की गुणवत्ता में और सुधार की उम्मीद है।

Recent Comments