

कोटद्वार। भारतीय जनता पार्टी की हल्द्वानी में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पारित प्रस्तावों पर पलटवार करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं एआईसीसी सदस्य सूर्यकांत धस्माना ने भाजपा के विकास, सुशासन और सामाजिक समरसता के एजेंडे को जनता की आंखों में धूल झोंकने वाला नकली एजेंडा करार दिया।
कोटद्वार में बद्रीनाथ रोड स्थित एक होटल में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए धस्माना ने कहा कि भाजपा जो कहती है, ठीक उसके विपरीत आचरण करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले 10 वर्षों से भाजपा की सरकार है, लेकिन विकास के विभिन्न पैमानों पर प्रदेश की स्थिति संतोषजनक नहीं है।
धस्माना ने हरिद्वार मेडिकल कॉलेज का उदाहरण देते हुए कहा कि सरकार अपने ही पैसे से बने सरकारी मेडिकल कॉलेज को संचालित नहीं कर पाई और उसे पीपीपी मोड पर निजी हाथों में सौंप दिया गया। उन्होंने इसे सरकार की विकास दृष्टि और क्षमता का उदाहरण बताया।
सुशासन के दावों पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध हिंसा, दुराचार और हत्या जैसे मामलों को लेकर प्रदेश में गंभीर स्थिति बनी हुई है। राजधानी देहरादून में हत्या, लूट और डकैती की घटनाएं चिंता का विषय हैं। उन्होंने ट्रैफिक व्यवस्था और प्रदेश की सड़कों व पुलों की स्थिति पर भी सवाल उठाए।
सामाजिक समरसता के मुद्दे पर धस्माना ने भाजपा पर धार्मिक ध्रुवीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद रामलीला मैदान के कथित शुद्धिकरण प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे मामलों से भाजपा के समरसता के दावे पर सवाल खड़े होते हैं।
उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर Gen-Z आंदोलन और देशभर में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रमों में युवाओं की भागीदारी से भाजपा नेतृत्व में बेचैनी है। उनके अनुसार कांग्रेस के बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए धार्मिक और जातीय ध्रुवीकरण की कोशिश की जा रही है।
धस्माना ने कहा कि गढ़वाल के कोटद्वार, लैंसडौन और यमकेश्वर में स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक है। लैंसडौन क्षेत्र में जंगली जानवरों के हमलों से भी जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि कोटद्वार की जनता पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी और उनके कार्यकाल में हुए विकास कार्यों को याद कर रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा नेतृत्व को अभी और इंतजार करना चाहिए। आने वाले दिनों में प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस के कई प्रमुख नेताओं के दौरे और कार्यक्रम उत्तराखंड में प्रस्तावित हैं।
प्रेस वार्ता में महानगर अध्यक्ष मीना बर्छवान, पूर्व अध्यक्ष संजय मित्तल, पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. खरखवाल, गुड्डू चौहान, प्रदेश सचिव विजय रावत, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अंकुश घिल्डियाल, हिमांशु बहुखंडी, पूर्व महासचिव शुभम सुयाल, अमित राज सिंह, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष मनदीप सिंह, सुरेंद्र गुसाईं, प्रवीण जोशी, राजीव कपूर, पार्षद सूरज कांति, पार्षद नईम अहमद सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Recent Comments