

देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ अपना अभियान तेज करते हुए झाझरा क्षेत्र में पांच बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया है। नन्दा एन्कलेव, सैनिक कॉलोनी, एलपी विला के सामने स्थित इस स्थल पर बिना स्वीकृत तलपट मानचित्र के डिमार्केशन कर प्लॉटिंग का कार्य किया जा रहा था। एमडीडीए की टीम द्वारा निरीक्षण के दौरान जब स्वीकृत मानचित्र प्रस्तुत नहीं किया गया, तो नियमानुसार वाद दायर करने के बाद इस पूरी अनधिकृत प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया गया।
प्राधिकरण ने अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण और नियोजित विकास को बढ़ावा देने के लिए क्षेत्र को विभिन्न सेक्टरों में बांटकर निगरानी टीमें सक्रिय कर दी हैं। वर्ष 2026 के शुरुआती आठ महीनों में विकासनगर, सहसपुर, ऋषिकेश, रायपुर और डोईवाला सहित विभिन्न क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर बड़े पैमाने पर कार्रवाई की गई है। प्राधिकरण की यह कार्रवाई केवल छोटे निर्माणों तक सीमित नहीं है, बल्कि नियमों का उल्लंघन करने वाली बड़ी इमारतों और व्यावसायिक परिसरों पर भी समान रूप से की जा रही है।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी और सचिव मोहन सिंह बर्निया ने स्पष्ट किया है कि बिना स्वीकृति के की जा रही प्लॉटिंग भविष्य में यातायात, जल निकासी, सड़क और पार्किंग जैसी गंभीर नागरिक समस्याएं पैदा करती है। अधिकारियों ने आम जनता से भी अपील की है कि वे किसी भी भूमि को खरीदने से पहले उसके भूखंड और ले-आउट की वैधानिक स्थिति एवं स्वीकृति की जांच अवश्य कर लें, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार के वित्तीय या कानूनी नुकसान से बचा जा सके। प्राधिकरण ने चेतावनी दी है कि बिना स्वीकृति के निर्माण और प्लॉटिंग करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

Recent Comments