

देहरादून। एसएसपी दून की कुशल रणनीति से सहसपुर थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का 24 घंटे के अंदर पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले शातिर अभियुक्त आशिक पुत्र सलीम निवासी महमूद नगर शंकरपुर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई लगभग चार लाख रुपए मूल्य की ज्वैलरी एवं स्मार्टफोन बरामद कर लिया है।
गौरतलब है कि दिनांक 17 सितंबर 2026 को वादी आकाश कुमार निवासी महमूद नगर रामपुर द्वारा कोतवाली सहसपुर में लिखित तहरीर दी गई थी कि अज्ञात चोरों द्वारा उनके घर से रात्रि में सोने तथा चांदी के आभूषण एवं स्मार्टफोन चोरी कर लिए गए हैं। तहरीर के आधार पर मु0अ0सं0-233/2026 धारा 305(ए) बीएनएस का अभियोग पंजीकृत किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशानुसार पुलिस टीम ने घटना स्थल तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से संदिग्धों की पहचान करते हुए स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस के सक्रिय प्रयासों के परिणामस्वरूप दिनांक 18 सितंबर 2026 को चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर रामपुर सहसपुर क्षेत्र से अभियुक्त आशिक पुत्र सलीम को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में अभियुक्त आशिक ने स्वीकार किया कि वह नशे का आदी है तथा अपनी नशे की लत व अन्य आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए उसने यह चोरी की घटना को अंजाम दिया था। अभियुक्त आशिक के खिलाफ पूर्व में चोरी व अन्य अपराधिक प्रकरणों के लगभग आधा दर्जन मामले पंजीकृत हैं, जिनमें मु0अ0सं0-218/22 धारा 506 आईपीसी, मु0अ0सं0-233/24 धारा 305(ए), 324(4), 331(4), 317(2) बीएनएस, मु0अ0सं0-226/25 धारा 4/25 आर्म्स एक्ट, मु0अ0सं0-268/25 धारा 305(ए), 324(2), 331(4), 317(2), 3(5) बीएनएस तथा मु0अ0सं0-43/26 धारा 303(2), 317(2) बीएनएस शामिल हैं।
गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक जावेद हसन, कांस्टेबल नवबहार एवं कांस्टेबल अनुराग की पुलिस टीम का अहम योगदान रहा।

Recent Comments