देहरादून रोजगार मेले में 249 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र, केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा ने किया वितरण

20वें रोजगार मेले में देशभर में 51 हजार युवाओं को नियुक्ति, अब तक 12.75 लाख को मिला रोजगार

देहरादून। राष्ट्रीय रोजगार मेले के 20वें संस्करण के तहत देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में 249 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे और सरकारी सेवा में शामिल होने पर बधाई दी।

शनिवार को देशभर में 45 स्थानों पर 20वें रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इसमें 51 हजार से अधिक युवाओं को विभिन्न सरकारी विभागों में नियुक्ति पत्र दिए गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित किया और नवनियुक्त युवाओं व उनके परिजनों को बधाई दी।

पीएम मोदी ने कहा कि त्योहारों के मौसम के आगमन के साथ यह अवसर हजारों परिवारों में खुशियां लेकर आया है। उन्होंने कहा कि युवा ऐसे महत्वपूर्ण समय में सरकारी सेवा से जुड़ रहे हैं, जब देश विकसित भारत@2047 की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने युवाओं से नए कौशल अर्जित करने और देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

देहरादून में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्य आयकर आयुक्त रेणुका जैन गुप्ता ने स्वागत संबोधन दिया और कहा कि नियुक्ति पत्र प्राप्त करना अभ्यर्थियों के साथ-साथ उनके परिवारों के लिए भी गर्व का क्षण है।

केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि विभिन्न प्रतिष्ठित विभागों में सेवा से जुड़ना युवाओं के करियर का महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने नवनियुक्त युवाओं से आईजीओटी कर्मयोगी प्लेटफॉर्म से जुड़कर निरंतर अपने कौशल को बढ़ाने और समर्पित जनसेवा के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प में योगदान देने का आह्वान किया।

देहरादून मेले में चयनित 249 अभ्यर्थियों में आयकर विभाग में 121, एम्स में 53, भारतीय रेल में 30, डाक विभाग में 20, रक्षा लेखा विभाग में 18, भारतीय सर्वेक्षण विभाग में 5, आईआईएम और गृह मंत्रालय में एक-एक अभ्यर्थी शामिल हैं।

उल्लेखनीय है कि रोजगार मेला पहल की शुरुआत 22 अक्टूबर 2022 को हुई थी। पहले मेले में 75 हजार नियुक्ति पत्र बांटे गए थे। 20 संस्करण पूरे होने के साथ अब तक लगभग 12.75 लाख नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके हैं। भर्ती प्रक्रिया यूपीएससी, एसएससी और रेलवे भर्ती बोर्ड सहित विभिन्न एजेंसियों के माध्यम से पूरी की गई है।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments