

हल्द्वानी। प्रदेश की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल बच्चों की शिक्षा और पोषण का केंद्र न रहें, बल्कि माताओं, बच्चों और परिवारों के लिए जागरूकता का मंच बनें।
मंत्री रेखा आर्या आज शुक्रवार को हल्द्वानी स्थित सर्किट हाउस पहुंचीं, जहां उन्होंने ‘सेवा संकल्प’ अभियान के अंतर्गत 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जनपद स्तरीय अधिकारियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को कार्यक्रम की गंभीरता और व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन भी ब्लॉकों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, वहां की फोटो और वीडियोग्राफी कर विभागीय वेबसाइट पर अपलोड की जाए। विभागीय स्तर पर सराहनीय कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और आशा वर्कर को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया जाए, साथ ही गर्भवती महिलाओं को विभागीय योजनाओं से लाभान्वित किया जाए।
रेखा आर्या ने बताया कि यह आयोजन संपूर्ण प्रदेश में 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेगा, जो सेवा, पोषण, स्वास्थ्य और जनसहभागिता का व्यापक अभियान बनेगा। नैनीताल जनपद में 1916 आंगनबाड़ी केंद्रों में 13 दिनों तक विभिन्न ब्लॉकों में यह आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों, माताओं और अभिभावकों को पोषण, स्वास्थ्य एवं संतुलित आहार के प्रति जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वस्थ भविष्य की नींव मजबूत करना और हर परिवार तक पोषण व स्वास्थ्य का संदेश पहुंचाना ही ‘सेवा संकल्प’ अभियान का उद्देश्य है। 13 दिनों तक चलने वाला यह महाभियान केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास के साथ-साथ अभिभावकों को जागरूक करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
इस अवसर पर भाजपा महामंत्री रंजन सिंह बर्गली, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष कंचन उप्रेती, अनुसूचित मोर्चा जिलाध्यक्ष रविन्द्र बाली, महिला मोर्चा महामंत्री आभा गोस्वामी, राशि जैन, जिला पंचायत सदस्य यशपाल आर्य, मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द पाण्डेय, जिला कार्यक्रम अधिकारी अनुलेखा सहित विभागीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Recent Comments