देहरादून। डीआईटी विश्वविद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव ‘स्पूर्ति 2026’ खेल भावना, प्रतिस्पर्धा और एकता का भव्य प्रतीक बनकर उभरा। देशभर से आई 111 टीमों की भागीदारी ने इस आयोजन को राष्ट्रीय स्तर का स्वरूप प्रदान किया और पूरे परिसर में युवा ऊर्जा और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ भव्य उद्घाटन समारोह के साथ हुआ, जिसमें विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जी. एस. रघुराम और मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी ललित कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। उद्घाटन अवसर पर मशाल प्रज्वलन और शपथ ग्रहण जैसे कार्यक्रमों ने खेलों में ईमानदारी और अनुशासन का संदेश दिया। इसके साथ ही गुब्बारों का विमोचन और स्क्रोल ओपनिंग के जरिए महोत्सव का औपचारिक आगाज किया गया।
तीन दिनों तक चले इस खेल महोत्सव में क्रिकेट, फुटबॉल, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन और टेबल टेनिस जैसी प्रमुख प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान उत्कृष्ट खेल कौशल, टीम भावना और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया।

बैडमिंटन में यूपीईएस ने बालक और बालिका दोनों वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। बास्केटबॉल में बालक वर्ग में जेडीयू विजेता रहा, जबकि बालिका वर्ग में शिवाजी कॉलेज ने बाजी मारी। क्रिकेट के फाइनल में जेडीयू ने डीआईटी विश्वविद्यालय को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। फुटबॉल में उत्तरांचल विश्वविद्यालय ने शिवालिक के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में जीत दर्ज की। टेबल टेनिस में भी यूपीईएस ने डीआईटी को हराकर खिताब हासिल किया, जबकि वॉलीबॉल में कुमाऊं विश्वविद्यालय ने दोनों वर्गों में जीत दर्ज कर अपनी श्रेष्ठता साबित की।
आयोजन के सफल संचालन में प्रायोजक ‘स्टेंश’ का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिन्होंने खिलाड़ियों और स्वयंसेवकों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड युवा एवं खेल कल्याण विभाग के संयुक्त निदेशक अजय अग्रवाल उपस्थित रहे। समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों—जिनमें राष्ट्रीय, बॉलीवुड और भांगड़ा नृत्य शामिल रहे—ने समां बांध दिया। इसके पश्चात पुरस्कार वितरण किया गया, जिसमें यूपीईएस को चैंपियंस ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।


इस पूरे आयोजन की सफलता का श्रेय विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों और आयोजन टीम को जाता है। डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. राकेश मोहन, एसोसिएट स्टूडेंट वेलफेयर ऑफिसर जोगेंद्र कुमार, असिस्टेंट डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. मनीषा परमार, चीफ वार्डन डॉ. संदीप मिश्रा सहित छात्र समन्वयकों और स्वयंसेवकों की सक्रिय भूमिका सराहनीय रही।
‘स्पूर्ति 2026’ न केवल खेल उत्कृष्टता का मंच बना, बल्कि इसने टीम भावना, अनुशासन और युवा ऊर्जा का ऐसा उत्सव प्रस्तुत किया, जो प्रतिभागियों और दर्शकों के लिए लंबे समय तक यादगार रहेगा।

Recent Comments