देहरादून, 12 अगस्त 2025। राजधानी में वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए दून पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर तीन अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई स्कूटियों को बरामद किया है। थाना रायपुर क्षेत्र में हुई तीन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने अभियुक्त को मालदेवता रोड के पास से चोरी की स्कूटी सहित दबोचा।
पहली घटना में वादी संजय सजवाण निवासी खैरी मान सिंह ने थाना रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी स्कूटी संख्या UK-07-BN-2610 घर के पास से चोरी हो गई। दूसरी घटना में शुभम कुमार निवासी छबिल मार्ग, कांवली रोड ने ई-एफआईआर के माध्यम से सूचना दी कि गुरुद्वारा रायपुर रोड के पास से उनकी स्कूटी संख्या UK-07-HA-9047 चोरी हो गई। दोनों मामलों में थाना रायपुर में धारा 303(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम ने घटनास्थलों का निरीक्षण कर आसपास के लगभग 60 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सुरागरसी और पतारसी के माध्यम से संदिग्धों की जानकारी जुटाई गई और पूर्व में चोरी की घटनाओं में संलिप्त व्यक्तियों का भौतिक सत्यापन किया गया।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर 11 अगस्त को मालदेवता रोड के पास से नितिन थापा को चोरी की स्कूटी UK-07-HA-9047 के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह नशे का आदी है और अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए चोरी करता है। उसने डालनवाला क्षेत्र से भी एक स्कूटी चोरी करने की बात स्वीकार की। अभियुक्त की निशानदेही पर केशरवाला जंगल के पास से दो अन्य स्कूटियां—UK-07-BN-2610 और UK-07-DU-3955—भी बरामद की गईं।
गिरफ्तार अभियुक्त नितिन थापा, उम्र 19 वर्ष, निवासी नकरौंदा नियर खाद्य निगम, थाना रायपुर, पूर्व में भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है। उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक ओमप्रकाश, कांस्टेबल प्रेम पंवार, मुकेश कण्डारी, कर्णपाल और शाहिद जमाल शामिल रहे। दून पुलिस की यह कार्रवाई अपराधियों पर लगाम कसने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Recent Comments