महामना मालवीय जयंती पर सम्मान समारोह और प्रतियोगिता का हुआ आयोजन

देहरादून। अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा (पंजी.) उत्तराखंड द्वारा समाज सुधारक और बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के संस्थापक महामना पंडित मदन मोहन मालवीय जी की 165वीं जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर महासभा की ओर से ‘ब्राह्मण रत्न सम्मान समारोह’ एवं सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ श्री सनातन धर्म मंदिर, नेहरू कॉलोनी में मंत्रोच्चारण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। पूज्य महंत श्री 108 कृष्णागिरी महाराज, प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन शर्मा, न्यायमूर्ति राजेश टंडन, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, धर्माधिकारी जगदंबा प्रसाद सती थपलियाल, प्रदेश महासचिव उमाशंकर शर्मा, कथावाचक पं. सुभाष चंद्र जोशी तथा अन्य गणमान्यजनों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर महामना के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।

महासचिव उमाशंकर शर्मा ने संचालन करते हुए महामना के जीवन एवं उनके शिक्षा, धर्म और समाज सेवा के योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि पं. मालवीय जी ने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय एवं गंगा महासभा, हरिद्वार की स्थापना कर समाज को नई दिशा दी।

कार्यक्रम में स्वागत श्रृंखला के अंतर्गत अतिथियों को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। इसी दौरान कथावाचक पं. सुभाष जोशी के मार्गदर्शन में सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें शारदा त्रिपाठी, सीताराम नौटियाल, सोनिया शर्मा, सुधीर वर्मा, नरेश भाटिया, सुरंजना शर्मा, मीनाक्षी, शिवानी शर्मा, बीना शर्मा, रामप्रसाद गौतम, रामप्रसाद उपाध्याय एवं निकिता शर्मा विजेता रहे। धर्माधिकारी जगदंबा प्रसाद सती द्वारा सभी विजेता प्रतिभागियों को मेडल और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।

इस अवसर पर रायपुर विधायक उमेश शर्मा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, न्यायमूर्ति राजेश टंडन, आचार्य शशिकांत दुबे, संरक्षक सुरेंद्र शर्मा, विद्वान सुभाष जोशी, वीरेंद्र प्रसाद ममगाई सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। सभी ने महामना मालवीय जी के विचारों और आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में नेपाली ब्राह्मण महासभा, शाकंभरी मंदिर समिति, ब्राह्मण महासंघ, श्री राम सेना, विद्वत ब्राह्मण महासभा, ब्राह्मण समाज उत्थान परिषद एवं श्री नृसिंह कृपा धाम के प्रतिनिधियों की सहभागिता रही।

अंत में प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन शर्मा ने महासभा की गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि पं. मालवीय जी ने शिक्षा, समाज, धर्म और न्याय को जोड़कर आधुनिक भारत के पुनर्निर्माण में अमूल्य योगदान दिया।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments