गोरखा दशै-दीपावली महोत्सव में उमड़ा जनसैलाब, सांस्कृतिक संध्या ने बांधा समा

देहरादून। गोरखा दशै-दीपावली महोत्सव एवं राजकीय मेला-2025 के तहत शनिवार की सांस्कृतिक संध्या ने दर्शकों को मदहोश और दीवाना बना दिया। इस अवसर पर पर्यटन व संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत बाल कलाकारों द्वारा गुरु वंदना कत्थक नृत्य से हुई, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। इसके बाद सिंधुली महिला कलाकारों की आकर्षक आराधना प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। गोरखाली समुदाय की पारंपरिक वेशभूषा और उनकी पारंपरिक भव्यता के साथ मेले में उत्साह और उमंग का माहौल था।

मेले में कलाकारों द्वारा कॉमेडी प्रस्तुत कर दर्शकों को गुदगुदाया गया, जिससे मेले की महफिल में उमड़ा उत्साह परवान पर चढ़ गया। गोरखा समुदाय की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को प्रदर्शित करने के लिए यह महोत्सव एक उत्कृष्ट मंच है।

वीर गोरखा कल्याण समिति के अध्यक्ष कमल थापा ने बताया कि भारत और नेपाल के बीच बेटी और रोटी का संबंध है और यह उत्सव इसी संबंध को जागृत करता है। उन्होंने कहा कि यह मेला अपनी संस्कृति को बचाने के लिए एक संघर्ष है।

आज की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में मुख्य रूप से कलाकारों द्वारा खुकरी डांस पेश किया गया, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अलावा लाइव नेपाली बैंड सोनाली राय द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसमें ‘माया बैनी’ गीत शामिल थे, जो प्रसिद्ध कलाकार जुबिन दाई को समर्पित था।

इस अवसर पर पर्वतारोही कैप्टन प्रवीन थापा व शिक्षा तथा इंडस्ट्री के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले ओलम्पस स्कूल के चेयरमैन व फिल्म निदेशक कुणाल शमशेर मल्ला को गोरखा एचीवर अवार्ड देकर सम्मानित किया गया।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच बेटी और रोटी का अटूट संबंध है और इसी को ध्यान में रखते हुए दोनों देशों के बीच और भी अधिक बेहतर व मधुर संबंध बनें, ऐसे हमारे प्रयास हैं I इस अवसर पर सतपाल महाराज ने उत्तराखंड राज्य की 25वीं वर्षगांठ पर शहीदों को श्रद्धा सुमन भी अर्पित किए I उन्होंने वीर गोरखा कल्याण समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा और सराहना भी की I भारत और नेपाल के अटूट संबंध पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि व्यापार की दृष्टि से भी उत्तराखंड सरकार अपने पड़ोसी देश नेपाल के साथ और बेहतर संबंध बनाने के लिए शारदा के ऊपर बैराज बनाने के प्रयास में जुटी हुई है I

आज शनिवार को मेला कार्यक्रम में वीर गोरखा कल्याण समिति के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। मेले का समापन रविवार रात को होगा, जिसमें सभी प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया गया है।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments